प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के दमदम में एक चुनावी रैली के दौरान RG कर मेडिकल कॉलेज की घटना को लेकर तृणमूल कॉन्ग्रेस (TMC) पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है।
PM मोदी ने मंच पर RG कर पीड़िता की माँ रत्ना देबनाथ के साथ उपस्थिति दर्ज कराई, जिन्हें भाजपा ने पनिहाटी सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है। प्रधानमंत्री ने भावुक होते हुए कहा कि एक माँ ने अपनी बेटी को डॉक्टर बनाने के लिए कड़ी मेहनत की थी, लेकिन TMC के ‘जंगलराज’ ने उस बेटी को उनसे छीन लिया।
PM मोदी ने आरोप लगाया कि ममता सरकार महिलाओं को सुरक्षा देने में पूरी तरह विफल रही है और अब न्याय की माँग करने वालों की आवाज दबाई जा रही है।
PM मोदी ने संदेशखाली की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि TMC महिलाओं को सपने देखने से रोकती है और उन्हें घर से बाहर न निकलने की सलाह देती है। उन्होंने वादा किया कि 4 मई को भाजपा की सरकार बनते ही महिलाओं के खिलाफ हुए सभी अत्याचारों की फाइलें खोली जाएँगी और दोषियों को सजा दी जाएगी।
प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि भाजपा बंगाल की बेटियों के सपनों को कुचलने नहीं देगी। गौरतलब है कि बंगाल चुनाव में महिला मतदाता एक निर्णायक भूमिका निभाती रही हैं, जिन्हें ध्यान में रखते हुए पीएम मोदी ने महिला सुरक्षा के मुद्दे पर TMC को सीधे कटघरे में खड़ा किया है।

