पश्चिम बंगाल के फाल्टा में जहाँगीर खान को लेकर माहौल काफी गरम हो गया है। वोटों की गिनती से पहले स्थानीय लोगों ने उनके खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों का कहना है कि जहांगीर खान ने गाँव में आकर उन्हें जान से मारने और महिलाओं के साथ दुष्कर्म जैसी धमकियाँ दीं, जिससे इलाके में डर का माहौल बन गया।
हसीमनगर इलाके के ग्रामीणों के मुताबिक, TMC कार्यकर्ता गाँव में घुसकर लोगों के साथ मारपीट कर रहे हैं और महिलाओं को भी निशाना बनाया गया। इसी के खिलाफ लोगों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया और आरोपित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की माँग की। पुलिस पर भी लाठीचार्ज करने का आरोप लगा है, जिसमें कई लोग घायल हुए।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ऑब्जर्वर अजय पाल शर्मा ने जहांगीर खान को चेतावनी दी है। उन्होंने यह भी पाया कि खान को तय सीमा से ज्यादा सुरक्षा दी गई है, जिस पर उन्होंने सवाल उठाए और रिपोर्ट माँगी। फिलहाल इलाके में तनाव बना हुआ है और लोगों की माँग है कि जहांगीर खान को तुरंत गिरफ्तार कर सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

