बिहार में मोहम्मद शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा शहाब के ठिकानों पर छापेमारी, जमीन कब्जा और रंगदारी मामले में RJD विधायक पर कार्रवाई

बिहार के सीवान में पुलिस ने रघुनाथपुर से RJD विधायक ओसामा शहाब के ठिकानों पर सोमवार (4 मई 2026) सुबह छापेमारी की। यह छापेमारी जमीन कब्जा करने और रंगदारी माँगने के गंभीर आरोपों में हुई है। सीवान में पूर्व सांसद और मरहूम बाहुबली मोहम्मद शहाबुद्दीन का बेटा है ओसामा शहाब।

विधायक पर एक डॉक्टर की जमीन हड़पने, मारपीट और धमकी देने का आरोप है। घटना के बाद से ही ओसामा शहाब फरार चल रहे हैं। पुलिस की यह कार्रवाई DIG और SP के नेतृत्व में हुई। टीम ने विधायक के शहर वाले आवास और पैतृक घर, दोनों जगहों पर एक साथ दबिश दी।

कोर्ट द्वारा अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। डॉक्टर की पत्नी की शिकायत पर दर्ज हुई इस FIR में विधायक समेत 35 लोगों को आरोपित बनाया गया है। फिलहाल छापेमारी जारी है और इलाके में भारी सुरक्षा बल तैनात किया गया है।