PM मोदी ने 19वें रोजगार मेले में 51000 युवाओं को दिए नियुक्ति पत्र, 47 शहरों में आयोजन: कहा- विकसित भारत संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा हर भारतीय

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  ने शुक्रवार (23 मई 2026) को 19वें रोजगार मेले के तहत देशभर के युवाओं को बड़ी सौगात दी। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस कार्यक्रम में पीएम मोदी ने विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में चयनित 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे।

रोजगार मेले में नई दिल्ली स्थित आंबेडकर सेंटर में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे, जिन्होंने नियुक्ति पाने वाले युवाओं को शुभकामनाएँ दी।

यह रोजगार मेला देश के 47 शहरों में एक साथ आयोजित किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा, “भारत के युवा ‘विकसित भारत’ की ओर बढ़ रही यात्रा को गति देने में एक अहम भूमिका निभा रहे हैं। ‘रोजगार मेला’ युवाओं को नए अवसर प्रदान कर सशक्त बनाने के प्रति हमारी सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।”

नियुक्तियाँ रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग समेत कई केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों में दी गईं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज हर भारतीय विकसित भारत 2047 के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए देश अलग-अलग क्षेत्रों में बड़े स्तर पर निवेश कर रहा है और यही निवेश युवाओं के लिए लाखों नए रोजगार अवसर पैदा कर रहे हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि हाल ही में उनकी पाँच देशों की यात्रा के दौरान दुनिया भर में भारत के युवाओं और देश की तकनीकी प्रगति को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। उन्होंने कहा कि अलग-अलग देशों की बड़ी कंपनियों और नेताओं के साथ हुई बैठकों में यह साफ नजर आया कि दुनिया भारत की विकास यात्रा का हिस्सा बनना चाहती है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत भी वैश्विक स्तर पर साझेदारी बढ़ाकर युवाओं के लिए नए अवसर और रोजगार तैयार करने की दिशा में काम कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार चाहती है कि भारतीय युवाओं को वैश्विक अनुभव मिले ताकि उनकी प्रतिभा को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान मिल सके.

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में अब पूरी सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग सप्लाई चेन विकसित की जा रही है और आने वाले वर्षों में देश की 10 बड़ी सेमीकंडक्टर यूनिट्स दुनिया में अपनी पहचान बनाएँगी। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं की सबसे बड़ी ताकत भारत के युवा होंगे, जिनकी प्रतिभा, बुद्धिमत्ता और प्रतिबद्धता वैश्विक स्तर पर भारत को नई पहचान दिलाएगी।

राज्यों में भी बढ़ा रोजगार मेलों का दायरा

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की ‘रोजगार मेला’ पहल से प्रेरित होकर कई राज्य सरकारों ने भी राज्य स्तर पर इसी तरह के रोजगार मेलों का आयोजन शुरू कर दिया है।

उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, असम, महाराष्ट्र, गुजरात, उत्तराखंड, ओडिशा, हरियाणा, मध्य प्रदेश और त्रिपुरा जैसे राज्यों में आयोजित रोजगार मेलों के जरिए अब तक 5.5 से 6 लाख से अधिक नौकरियां दी जा चुकी हैं।

जितेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देशभर के युवाओं के बीच नई आकांक्षाएँ और उत्साह पैदा हुआ है, जिससे सरकारी नौकरियों और रोजगार के अवसरों को लेकर युवाओं का भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है।

केंद्र सरकार के मुताबिक, प्रधानमंत्री की रोजगार सृजन को प्राथमिकता देने वाली पहल के तहत अब तक आयोजित 18 रोजगार मेलों के माध्यम से करीब 12 लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं।