रूस का यूक्रेन पर भीषण मिसाइल-ड्रोन हमला, कीव पर दागी परमाणु क्षमता वाली ‘ओरेशनिक’ हाइपरसोनिक मिसाइल: 4 की मौत, 100+ घायल

रूस ने रविवार (24 मई 2026) को यूक्रेन की राजधानी कीव और उसके आसपास के इलाकों पर बड़े पैमाने पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए, जिनमें कम से कम चार लोगों की मौत हो गई जबकि 100  से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने लिखा, “पूरे देश में लगभग 100 लोग घायल हुए हैं और दुर्भाग्य से चार और लोगों की मौत हो गई है। उनके परिवारों और प्रियजनों के प्रति मेरी संवेदनाएँ। अकेले कीव में ही लगभग 30 रिहायशी इमारतें क्षतिग्रस्त या नष्ट हो गईं।”

यूक्रेनी अधिकारियों के अनुसार, हमलों में कई रिहायशी इमारतें, स्कूल और सरकारी दफ्तरों के आसपास के इलाके क्षतिग्रस्त हुए हैं। इस बीच रूस ने पुष्टि की है कि उसने इस हमले में परमाणु क्षमता वाली अत्याधुनिक ‘ओरेशनिक’ हाइपरसोनिक बैलिस्टिक मिसाइल का इस्तेमाल किया।

चार साल से जारी युद्ध में यह तीसरी बार है जब इस मिसाइल का प्रयोग किया गया है। राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि ओरेशनिक मिसाइल ने कीव क्षेत्र के बिला त्सेरक्वा शहर को निशाना बनाया, हालाँकि वास्तविक लक्ष्य क्या था यह अभी स्पष्ट नहीं है।

रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि हमले यूक्रेन के सैन्य कमांड सेंटर, एयरबेस और सैन्य उद्योग ठिकानों पर किए गए। मॉस्को ने कहा कि यह कार्रवाई रूसी क्षेत्र में नागरिक ढाँचे पर हुए यूक्रेनी हमलों के जवाब में की गई है। हमलों के बाद कीव में कई जगह आग लग गई और बड़े पैमाने पर दहशत फैल गई।