थाईलैंड में ‘डांसर’ बनकर आए पुरुष पुलिसकर्मी, जाल बिछाकर ड्रग डीलर को रंगे हाथों पकड़ा: माफिया के पास से नशीली गोलियाँ बरामद

थाईलैंड में पुलिस ने एक बड़े ड्रग डीलर को पकड़ने के लिए अनोखा तरीका अपनाया। यहाँ पुरुष पुलिसकर्मियों का एक ग्रुप महिलाओं की तरह चमकीली ड्रेस पहनकर डांसर बन गया। पुलिस का यह अनोखा रूप सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

इस चालाकी से पुलिस ने कुख्यात तस्कर मेखा फा-वाप-वाप को पूरी तरह से चौंका दिया। पुलिस ने आरोपित को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को आरोपित के पास से 53 नशीली गोलियाँ (मेथमफेटामाइन) और ड्रग्स पैक करने के लिए 200 से ज्यादा प्लास्टिक बैग मिले हैं।

आरोपित पर अवैध नशीले पदार्थ बेचने और बिना अनुमति के स्लॉट मशीन चलाने के मामले दर्ज किए गए हैं। वह फिलहाल पुलिस की हिरासत में है। एक स्ट्रीट फेस्टिवल के दौरान पुलिस ने यह भेस बदला ताकि आरोपित को भनक न लगे।

थाईलैंड पुलिस पहले भी ऐसे कारनामे कर चुकी है। कुछ समय पहले ही बैंकॉक में एक अपराधी को पकड़ने के लिए पुलिसकर्मी ‘लायन डांस’ की पोशाक पहनकर पहुँचे थे।