ट्विशा शर्मा मौत मामले में गुरुवार (28 मई 2026) को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। केंद्रीय जाँच ब्यूरो (CBI) ने ट्विशा शर्मा की सास रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को भोपाल स्थित उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। कुछ दिन पहले ही ट्विशा अपने ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गई थीं। परिवार ने ससुरालवालों पर ट्विशा की दहेज हत्या करने का आरोप लगाया था।
यह गिरफ्तारी ऐसे समय हुई है, जब मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने एक दिन पहले ही ट्विशा शर्मा की मौत से जुड़े दहेज प्रताड़ना मामले में गिरिबाला सिंह को मिली अग्रिम जमानत (anticipatory bail) रद्द कर दी थी। गुरुवार सुबह CBI की टीम भोपाल के बाग मुगलिया एक्सटेंशन इलाके में स्थित गिरिबाला सिंह के घर पहुँची थी।
रिपोर्ट्स के अनुसार, हाई कोर्ट के आदेश के बाद जाँच एजेंसी ने कई घंटों तक उनसे पूछताछ की और फिर औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया। ट्विशा शर्मा की को मौत के तुरंत बाद 12 मई को गिरिबाला सिंह ने भोपाल की एक सत्र अदालत में अग्रिम जमानत के लिए आवेदन किया था, जिसे मंजूर कर लिया गया था। हालाँकि, बुधवार को मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने इस राहत को रद्द कर दिया। इसके बाद CBI की कार्रवाई का रास्ता साफ हो गया।
ट्विशा शर्मा के पति और पेशे से वकील समर्थ सिंह को भोपाल पुलिस ने 23 मई को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उन्हें जबलपुर जिला अदालत परिसर से पकड़ा था। वह करीब 10 दिनों से फरार चल रहे थे।

