महाराष्ट्र के TCS नासिक कांड मामले में आए दिन नए खुलासे हो रहे हैं। विशेष जाँच दल (SIT) की चार्जशीट के अनुसार, एक 23 वर्षीय हिंदू महिला कर्मचारी ने आरोप लगाया है कि उसे बार-बार जबरन जाकिर नाइक और अन्य पाकिस्तानी मौलानाओं के वीडियो दिखाए जाते थे और भगवान के गाने सुनने के लिए मना किया जाता था।
चार्जशीट के अनुसार, आरोपित दानिश शेख ने निकाह का वादा कर उसके साथ संबंध बनाए और बाद में उसे हिंदू धार्मिक परंपराओं से दूर करने का प्रयास किया। महिला का आरोप है कि उसे पाकिस्तानी मौलाना तारिक जमील, इस्लामिक प्रचारक जाकिर नाइक और इस्लामिक उपदेशक डॉ इसरार अहमद के वीडियो और भाषण सुनने के लिए कहा जाता था।
दानिश कहता था- मंदिर जाना छोड़ दो, तनाव कम हो जाएगा
पीड़िता के अनुसार, आरोपित उससे कहता था, “डरो मत, मुझ पर भरोसा करो, अल्लाह हमारे साथ है। भगवान के गाने सुनना और मंदिर जाना छोड़ दो, तुम्हारा तनाव कम हो जाएगा।” महिला ने जाँचकर्ताओं को बताया कि उसे तस्बीह पढ़ने और इस्लामिक तरीके से माफी माँगने की सलाह भी दी जाती थी।
उसके मुताबिक, उसे जन्नत, जहन्नुम, कुर्बानी, बकरीद और जमजम जैसे मजहबी विषयों के बारे में लगातार बताया गया। पीड़िता ने अपने बयान में कहा कि उसे यह विश्वास दिलाया गया कि इस्लाम स्वीकार करने से उसका मानसिक तनाव कम हो जाएगा और धीरे-धीरे वह इन बातों पर भरोसा करने लगी थी।
महिला का यह भी आरोप है कि दानिश शेख ने सह-आरोपित तौसीफ अत्तार और निदा खान को उसे इस्लाम से जुड़ी जानकारी देने के लिए कहा था।
हिंदू महिला के बैंक खातों की भी जानकारी रखता था दानिश
SIT की चार्जशीट के मुताबिक, आरोपित दानिश शेख को महिला के बैंक खातों, उनमें मौजूद राशि और उसके UPI PIN तक की जानकारी थी। जाँच एजेंसियाँ इस पहलू की भी पड़ताल कर रही हैं कि क्या महिला को आर्थिक या मानसिक रुप से भी कंट्रोल करने की कोशिश की गई या नहीं।
चार्जशीट के मुताबिक, जब निदा खान की अग्रिम जमानत याचिका नासिक कोर्ट ने खारिज की थी, तब मतीन पटेल ने जानते-बूझते हुए भी निदा और उसके पूरे परिवार (अम्मी-अब्बू, भाई-चाची) को छत्रपति संभाजीनगर के नरेगाँव-कौसर सिडको इलाके में छिपाकर रखा था।
106 गवाहों के बयान, 9 FIR और सभी आरोपित न्यायिक हिरासत में
महाराष्ट्र सरकार द्वारा गठित SIT ने इस मामले में पहली चार्जशीट मई में दाखिल की थी। इसमें 106 गवाहों के बयान शामिल हैं। बाद में जाँच का दायरा बढ़ाया गया और मुंबई नाका पुलिस स्टेशन में दर्ज आठ अन्य FIR से जुड़े मामलों में भी अतिरिक्त चार्जशीट दाखिल की गई।
TCS नासिक कांड में 9 मामलों में जिन आरोपियों के नाम सामने आए हैं उनमें दानिश शेख, तौसीफ अत्तार, निदा खान, रजा मेमन, शाहरुख कुरैशी, शफी शेख, आसिफ आफताब अंसारी और अश्विनी अशोक चैनानी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार सभी आरोपित फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं और सभी आरोपों की पड़ताल की जा रही है।

