पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में हुए भांगड़ बम विस्फोट मामले में राष्ट्रीय जाँच एजेंसी (NIA) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व TMC विधायक और भांगड़ से पार्टी के उम्मीदवार रहे शौकत मोल्ला को गिरफ्तार कर लिया है।
यह मामला मार्च 2026 में विधानसभा चुनाव से पहले हुए उस धमाके से जुड़ा है, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी जबकि कई लोग घायल हुए थे। जाँच में सामने आया था कि इलाके में कच्चे बम बनाए जा रहे थे और उसी दौरान विस्फोट हुआ था।
NIA के अनुसार, गुरुवार (5 जून 2026) को शौकत मोल्ला के जीवनतला स्थित घर पर छापेमारी की गई थी, लेकिन वह वहाँ मौजूद नहीं मिले। एजेंसी का दावा है कि छापे की भनक लगते ही वह मोटरसाइकिल से फरार हो गया था।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उसने बांग्लादेश भागने की भी कोशिश की, लेकिन योजना सफल नहीं होने पर वकील से संपर्क किया और आत्मसमर्पण की तैयारी करने लगे। इससे पहले ही NIA ने उसे कोलकाता के पास बारुईपुर इलाके से गिरफ्तार कर लिया।
शौकत मोल्ला के परिवार का दावा है कि उन्होंने गिरफ्तारी नहीं बल्कि स्वयं सरेंडर किया है। इस मामले में इससे पहले शम्सुल सरदार समेत कई लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। NIA अब तक चार लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है और विस्फोट से जुड़े नेटवर्क, दस्तावेजों तथा डिजिटल सबूतों की जाँच कर रही है।
इस से पहले अप्रैल 2026 में ही जाँच के दौरान एजेंसी ने अहीदुल इस्लाम मोल्ला को भी गिरफ्तार किया था, जिसे TMC का करीबी माना जाता है। अहीदुल की तलाश लंबे समय से की जा रही थी और हाल ही में उसका कुछ नेताओं के साथ वीडियो भी वायरल हुआ था।

