कॉकरोच जनता पार्टी नकारात्मक राजनीति कर देश के युवाओं को बरगला नहीं सकती है। BJP अध्यक्ष नितिन नबीन ने विदेश में बैठे लोगों पर भारतीय युवाओं को नेगेटिव पॉलिटिक्स में घसीटने की कोशिश करने का आरोप लगाया।
कॉकरोच जनता पार्टी ने पहली बार जंतर-मंतर पर कुछ घंटों का प्रदर्शन किया था, जिसके बाद बीजेपी अध्यक्ष ने ये प्रतिक्रिया दी। उन्होंने ग्रुप पर तीखा हमला करते हुए कहा कि देश के युवा उन लोगों के हाथों की कठपुतली नहीं बनेंगे, जो उन्हें नेगेटिव पॉलिटिक्स में घसीटना चाहते हैं।
कुछ लोग विदेश में बैठकर भारत के युवाओं को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन भारत का युवा Positive Politics करेगा। pic.twitter.com/lbWV8IA7I7
— Nitin Nabin (@NitinNabin) June 6, 2026
अमेरिका में रहने वाले कॉकरोच पार्टी के चीफ अभिजीत दिपके का नाम लिए बिना नितिन नबीन ने कहा, “विदेश में बैठे कुछ लोग सोचते हैं कि वे भारत के युवाओं की दिशा तय कर सकते हैं।”
झारखंड के दौरे पर गए बीजेपी अध्यक्ष ने रांची में ये बातें कही। नवीन ने कहा कि भारत के युवा देश बनाने और अपना भविष्य सुरक्षित करने पर ध्यान दे रहे हैं, कोई भी देश की युवा पीढ़ी की दिशा तय नहीं कर सकता। पूरी बातचीत के दौरान उन्होंने न तो कॉकरोच जनता पार्टी का नाम लिया और न ही उसके नेताओं की बात की।
उन्होंने कहा कि आज का भारतीय युवा राष्ट्र निर्माण, इनोवेशन और अपने बेहतर भविष्य पर ध्यान केंद्रित कर रहा है, जबकि कुछ ताकतें उसे व्यवस्था विरोधी राजनीति की ओर मोड़ने का प्रयास कर रही हैं। ये लोग भारत के युवाओं को नेगेटिव पॉलिटिक्स में घसीटना चाहते हैं, लेकिन इस देश के युवाओं का रुझान सकारात्मक राजनीति में है।
बीजेपी अध्यक्ष की ये प्रतिक्रिया कॉकरोच जनता पार्टी के पहले जमीनी विरोध प्रदर्शन करने के कुछ घंटों बाद आई। इनलोगों ने एंट्रेंस और भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की माँग की थी।
बीजेपी अध्यक्ष का कहना है कि सरकार का विरोध करना लोगों का लोकतंत्र में अधिकार है, लेकिन ऐसा विरोध लोकतांत्रिक नियमों के अंदर ही रहना चाहिए। लोकतंत्र के अंदर रह कर कोई भी विरोध कर सकता है।
पड़ोसी देशों में सरकार विरोधी कैंपेन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय युवाओं को ऐसी राजनीति पसंद नहीं है। वे आगे बढ़ने में विश्वास करते हैं। यही वजह है कि करीब दो लाख से ज्यादा स्टार्टअप शुरू हुए। नए इनोवेशन हो रहे हैं और युवा अपनी मेहनत के दम पर देश को आगे ले जा रहे हैं।

