लगातार तीसरे दिन भी संभल की मस्जिद को गिराने में लगे बुलडोजर, 85% हो चुकी ध्वस्त: परिसर में ‘I Love Muhammad’ लिखे पोस्टर मिलने पर 8 के खिलाफ FIR

उत्तर प्रदेश के संभल में कब्रिस्तान की सरकारी भूमि पर बने मस्जिद मुस्तफा कादरी के खिलाफ प्रशासन की ध्वस्तीकरण कार्रवाई सोमवार (8 जून 2026) को लगातार तीसरे दिन भी जारी है। अब तक मस्जिद का करीब 85 प्रतिशत हिस्सा ध्वस्त किया जा चुका है, जबकि बचा हुआ हिस्सा गिराए जाने के लिए बुलडोजर लगे हुए हैं।

रविवार (7 जून 2026) को मस्जिद की 55 फीट ऊँची मीनार को भारी मशीनों की मदद से ढहा दिया गया। इसके अलावा भवन के आगे के हिस्से और कई पिलरों को भी तोड़ दिया गया। कार्रवाई में पोकलेन, बुलडोजर और हाइड्रा जैसी मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

प्रशासन के अनुसार, तहसीलदार कोर्ट ने 21 अप्रैल 2026 में दिए आदेश में निर्माण को सरकारी भूमि पर अवैध बताते हुए बेदखली के निर्देश दिए थे, जिसके बाद यह कार्रवाई शुरू की गई। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल और पीएसी के जवान तैनात किए गए हैं। प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में पूरी कार्रवाई कराई जा रही है।

परिसर में मिले ‘I Love Muhammad’ लिखे पोस्टर और हरे झंडे

इस बीच मस्जिद परिसर ‘I Love Muhammad’ लिखे पोस्टर और हरे रंग के झंडे मिलने का मामला भी सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने जामिया कमेटी से जुड़े मुतव्वली जाकिर, जाकिर हुसैन, तसलीम, भूरे अली, शरफुद्दीन, दिल शरीफ और मोहब्बत अली और नन्हे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

मामले में दर्ज FIR की कॉपी ऑपइंडिया के पास मौजूद है, जिसके अनुसार परिसर से ऐसे कुल 49 पोस्टर पुलिस को प्राप्त हुए हैं। शिकायत के अनुसार, इसके अलावा हरे रंग का एक झंडा भी मिला है, जिसमें आधा चाँद और सितार प्रिंट है, जो देख कर पूरी तरह पाकिस्तानी झंडा लग रहा है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी है। संभल पुलिस अधीक्षक ने कहा कि ऐसे पोस्टर किसने छपवाए और इन्हें वहाँ किस उद्देश्य से रखा गया, इसकी जाँच की जाएगी।