फर्जी सिग्नेचर केस में अभिषेक बनर्जी को CID का तीसरा नोटिस, 9 जून को पूछताछ के लिए बुलाया: TMC नेता ने माँगा अतिरिक्त समय

पश्चिम बंगाल में तृणमूल कॉन्ग्रेस (TMC) विधायकों के फर्जी हस्ताक्षर मामले की जाँच तेज हो गई है। इस मामले में राज्य CID ने TMC के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी को तीसरी बार नोटिस जारी करते हुए 9 जून को पूछताछ के लिए उपस्थित होने को कहा है।

सोमवार (8 जून 2026) को CID की टीम उनके आवास पहुँची और नया नोटिस सौंपने का प्रयास किया। इससे पहले जारी समन के बावजूद अभिषेक बनर्जी जाँच एजेंसी के समक्ष पेश नहीं हुए थे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अभिषेक बनर्जी ने CID से पूछताछ के लिए अतिरिक्त समय माँगा है।

उन्होंने कोर्ट में निर्धारित एक सुनवाई का हवाला देते हुए समन की तारीख आगे बढ़ाने का अनुरोध किया है। इसी बीच वह विपक्षी गठबंधन की बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुँचे थे। यह पूरा विवाद पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता, उपनेता और मुख्य सचेतक की नियुक्तियों से जुड़े प्रस्तावों पर दर्ज हस्ताक्षरों को लेकर सामने आया है।

आरोप है कि संबंधित दस्तावेजों में कुछ विधायकों के हस्ताक्षर वास्तविक नहीं हैं। जाँच के दौरान अब तक 13 विधायकों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। इनमें से तीन विधायकों ने दावा किया है कि प्रस्ताव रजिस्टर में उनके नाम के सामने मौजूद हस्ताक्षर उनके नहीं हैं।

वहीं एक विधायक ने जाँचकर्ताओं को बताया कि वह उस बैठक में शामिल ही नहीं हुए थे, जिसमें संबंधित प्रस्ताव पारित किए जाने का दावा किया गया है। CID विभिन्न पहलुओं की जाँच में जुटी हुई है।