नूरी और तबस्सुम बिजनौर में कर रही थीं नशे का धंधा, लाखों की स्मैक बेचने वाली दोनों बहनें गिरफ्तार: UP पुलिस ने ₹85000+ कैश और माल किया बरामद

उत्तर प्रदेश के बिजनौर में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली शहर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रहनुमा उर्फ नूरी और उसकी बहन तबस्सुम को गिरफ्तार किया है। दोनों बहनों के पास से बड़ी मात्रा में स्मैक और नकदी बरामद हुई है।

पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में आरोपित महिलाओं के कब्जे से कुल 111.54 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इसमें कुछ स्मैक डली के रूप में और शेष पुड़ियों में पैक मिली। साथ ही 88,950 रुपए नकद भी बरामद किए गए हैं। पुलिस का दावा है कि यह रकम मादक पदार्थों की बिक्री से अर्जित की गई है।

बरामद स्मैक की बाजार कीमत करीब डेढ़ लाख रुपए आँकी गई है। प्राथमिक जाँच में पुलिस को आशंका है कि दोनों केवल नशे का सेवन करने तक सीमित नहीं थीं, बल्कि स्मैक की बिक्री और वितरण के कारोबार से भी जुड़ी हुई थीं। इसी वजह से अब पुलिस पूरे नेटवर्क की जाँच में जुट गई है।

अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपितों को स्मैक की आपूर्ति कहाँ से हो रही थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपितों को कोर्ट में पेश करने की तैयारी कर रही है।