लालू यादव के बर्थडे पर JCB पर चढ़कर स्टंट कर रहे थे RJD नेता, केक काटते वक्त गिरे धड़ाम: Video वायरल

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख लालू प्रसाद यादव के 79वें जन्मदिन के मौके पर बिहार के वैशाली जिले में एक अजीबोगरीब घटना देखने को मिली। राजद नेता केदार यादव जन्मदिन समारोह के दौरान स्टंट करते हुए JCB मशीन से फिसलकर कीचड़ में गिर पड़े। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, केदार यादव अपने अनोखे और चर्चित कारनामों के लिए पहले से ही जाने जाते हैं। मीडिया की सुर्खियों में बने रहने के लिए वह कभी भैंस की सवारी करते हैं, कभी पेड़ों पर चढ़ते हैं तो कभी रिक्शा चलाते नजर आते हैं। लालू यादव के जन्मदिन पर भी उन्होंने कुछ अलग करने की कोशिश की।

शुरुआत में केदार यादव एक पेड़ पर चढ़कर केक काटने पहुँचे, लेकिन जब इससे ज्यादा चर्चा नहीं हुई तो उन्होंने एक JCB मशीन मंगवाई। भारी बारिश के बीच वह जेसीबी पर चढ़कर हवा में केक काटने लगे। इसी दौरान गीली सतह पर उनका संतुलन बिगड़ गया और वह फिसलकर सीधे नीचे कीचड़ में जा गिरे।

हालाँकि इस हादसे में उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई। बाद में उन्होंने वैशाली के भगवानपुर क्षेत्र में केक काटकर कार्यक्रम पूरा किया और लालू प्रसाद यादव की लंबी उम्र के लिए प्रार्थना की। मीडिया से बातचीत में केदार यादव ने लालू यादव को ‘भारत का नेल्सन मंडेला’ और गरीबों का भगवान तक बताया।