प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने NDA सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित बैठक में अपने लंबे सार्वजनिक जीवन और सरकार की उपलब्धियों पर विस्तार से बात की।
उन्होंने इसे अपनी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं बल्कि NDA के सभी सहयोगी दलों और देश की जनता की सामूहिक सफलता बताया। साथ ही, राजनीतिक स्थिरता, विकास और गरीबी उन्मूलन को सरकार की बड़ी उपलब्धियाँ बताते हुए कॉन्ग्रेस पर भी निशाना साधा।
जनता-जनार्दन का आभार, NDA की उपलब्धियों का उल्लेख
प्रधानमंत्री ने जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा, “इतने लंबे समय तक माँ भारती की सेवा का सौभाग्य मिलना ये ईश्वर की विशेष कृपा से ही संभव हो सकता है। मेरे लिए जनता-जनार्दन ही ईश्वर का रूप है। इसलिए मैंने सेवा कार्य को हमेशा साधना के रूप में ही देखा है और ये साधना भी एकाकी नहीं रही है।”
पीएम मोदी ने आगे कहा, “यह सामूहिक यज्ञ है जिसमें आपने और अनेकों साथियों ने कर्तव्य भाव से अपना योगदान दिया है। मैं आज इस यात्रा के सभी साथियों के प्रति अपना आभार प्रकट करता हूँ। मैं इस यात्रा को अपनी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं मानता हूँ। यह हर दृष्टिकोण से हम सबकी सामूहिक उपलब्धि है, यह NDA के हर घटक दल की समान उपलब्धि है।”
उन्होंने कहा, “भारत की जनता का नीर-क्षीर विवेक हमेशा अद्भुत रहा है। देश की जनता ने राष्ट्रीय स्तर पर राजनीतिक स्थिरता का महत्व समझा है। यह जनता की परिपक्वता ही है कि उसने लंबे समय तक मुझे जनता की सेवा का अवसर दिया।”
Addressing the NDA Conclave in Delhi.
— Narendra Modi (@narendramodi) June 10, 2026
https://t.co/wyowgBdfMZ
कॉन्ग्रेस पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा, “2014 के पहले के कई दशक बहुत अस्थिरता और उथल-पुथल से भरे थे, जिसका देश को नुकसान उठाना पड़ा। अब देश की जनता एक स्थिर सरकार का काम भी देख रही है और उसकी निर्णायक क्षमताओं की प्रशंसक भी है। मैं आज देश की महान जनता को नमन करता हूँ, जनता-जनार्दन का आभार व्यक्त करता हूँ।”
उन्होंने आगे कह, “2014 में जब NDA की जीत हुई थी तो मैंने कहा था कि आज देश के सामान्य मानवी में एक नई आशा का उदय हुआ है। इस आशा का, इस उम्मीद का संरक्षण हम सभी का बहुत बड़ा दायित्व था। लोगों ने कॉन्ग्रेस के विश्वासघात के बाद अपना भरोसा हमें सौंपा था। मुझे संतोष है, गर्व है कि NDA परिवार के तौर पर हमने देश के विश्वास को और मजबूत किया है। 2014 में आशा का उदय होता सूरज, आज नए आत्मविश्वास के प्रकाश पुंज में बदल गया है।”
पीएम मोदी ने ‘कॉन्ग्रेस ग्रोथ रेट’ दिया नाम
पीएम मोदी ने कहा, “भारत के लोगों ने पहली बार यह देखा है कि जब सही नियत से सरकार चलती है तो तेज गति से विकास भी होता है। NDA सरकार के इन 12 वर्षों में 25 करोड़ से अधिक लोगों का गरीबी से बाहर निकलना यह दिखाता है कि हमारी नीतियाँ और दिशा सही है।”
उन्होंने आगे कहा, “यह सफलता आज देश के हर उस व्यक्ति को एक भरोसा देती है कि एक ना एक दिन उसका संघर्ष भी खत्म होगा। एक दिन उसके सपने पूरे होंगे। कल जो गरीब था, आज जो ‘नियो मिडिल क्लास’ बना है, उसे हमें पीछे नहीं होने देना है। इसलिए जनप्रतिनिधि और सरकार के नाते हमें दिन-रात काम करना है, परिश्रम की पराकाष्ठा करनी है।”
NDA की सफलताएँ बताते हुए पीएम मोदी बोले, “NDA के 12 वर्षों की एक बड़ी सफलता ये भी है कि देश कॉन्ग्रेस के कुचक्र से आजाद हुआ है। कॉन्ग्रेस ने देश को लाचारगी, बेचारगी और हीन भावना की गर्त में गिरा दिया था। देश को यही एहसास कराया जाता था कि भारत में विकास धीरे-धीरे होता है, भारत में तेज विकास संभव ही नहीं है।”
पीएम मोदी ने कहा, “बड़ी चतुराई से धीमे विकास को ‘हिंदू ग्रोथ रेट’ नाम दिया था। यानी कार्यशैली कॉन्ग्रेस की, दायित्व कॉन्ग्रेस का, विफलता कॉन्ग्रेस की लेकिन कलंक देश की बड़ी हिंदू आबादी के नाम लगाया गया। जबकि असल में इस कुसंस्कृति का नाम होना चाहिए था ‘कॉन्ग्रेस ग्रोथ रेट’। इस ‘कॉन्ग्रेस ग्रोथ रेट’ में ना गवर्नेंस थी, ना नीति, ना नियत और ना ही निर्णय।”
देशवासी ‘मेड इन इंडिया’ प्लेन में करेंगे सफऱ
पीएम ने देशवासियों को ‘मेड इन इंडिया’ प्लेन में बैठने का सपना दिखाते हुए कहा, “हमारे लिए दल से बड़ा हमेशा देश रहा है। हम नेशन फर्स्ट की भावना से काम करते हैं। भारत को सिर्फ दुनिया की बराबरी नहीं करनी, बल्कि उससे एक कदम आगे रहना है। वो दिन दूर नहीं जब हम मेड इन इंडिया प्लेन भी बनाएँगे।”

