उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। भोजपुर के धारकनगला गाँव में चामुंडा मंदिर की जमीन पर बनी अवैध मजार को शुक्रवार (12 जून) को बुलडोजर चलाकर ढहा दिया गया। काफी समय से इस जमीन को लेकर दो पक्षों में विवाद चल रहा था। तनाव को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
ग्रामीणों का आरोप था कि मंदिर की जमीन पर मजार का अवैध निर्माण हो रहा था, जिसकी शिकायत लोगों ने जिला अधिकारी (DM) से की थी। जाँच में सामने आया कि यह जमीन राजस्व रिकॉर्ड में चामुंडा मंदिर के नाम पर दर्ज थी। दो साल पहले यहाँ अवैध रूप से मजार की निर्माण शुरू हुआ था।
धीरे-धीरे फिर इस मजार को पक्का बना लिया गया और बिजली की व्यवस्था भी की गई। इस अवैध कब्जे के कारण गाँव में सांप्रदायिक मौहाल पैदा हुआ। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस को पिकेट भी लगानी पड़ी थी।
जाँच रिपोर्ट मिलने के बाद DM के आदेश पर राजस्व टीम और पुलिस ने मिलकर यह कार्रवाई की। प्रशासन ने सख्त चेतावनी दी है कि सरकारी या धार्मिक जमीनों पर अवैध कब्जे बर्दाश्त नहीं किए जाएँगे।

