उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नईम अब्दुल्ला नाम के एक युवक को हिरासत में लिया है। वह सहारनपुर के ननौता क्षेत्र का रहने वाला है। यह कार्रवाई मध्य प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) से मिले इनपुट के बाद की गई।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हाल ही में मध्य प्रदेश ATS ने मोहम्मद फराज नामक युवक को गिरफ्तार किया था। जाँच के दौरान उसके मोबाइल फोन और पूछताछ से कुछ अहम जानकारियाँ सामने आईं, जिसके बाद नईम अब्दुल्ला का नाम जाँच के दायरे में आया।
इसके बाद उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की एजेंसियों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई शुरू की। बताया जा रहा है कि नईम और फराज का संबंध पहले देवबंद के एक मदरसे से रहा है। शुरुआती जाँच में फराज के पाकिस्तानी हैंडलर से संपर्क होने की आशंका जताई गई है। इसी कड़ी में नईम से पूछताछ की जा रही है।
जाँच एजेंसियाँ नईम के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया अकाउंट्स और डिजिटल गतिविधियों की भी जाँच कर रही हैं। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या वह किसी संदिग्ध नेटवर्क या गतिविधि से जुड़ा था। फिलहाल मामले में जाँच जारी है और सहारनपुर व आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ा दी गई है।

