ब्रिटेन ने रूस के ‘शैडो फ्लीट’ तेल टैंकर पर किया कब्जा, 6 घंटे तक चलाया अभियान: PM स्टार्मर ने कहा- पुतिन को ‘बड़ा झटका’

ब्रिटेन ने पहली बार रूस के ‘शैडो फ्लीट’ तेल टैंकर के खिलाफ सीधे कार्रवाई की है। ब्रिटिश रक्षा मंत्रालय के अनुसार, रविवार (14 जून 2026) को अंग्रेजी चैनल में रूस से जुड़े प्रतिबंधित तेल टैंकर SMYRTOS को रोककर उस पर तलाशी अभियान चलाया गया। ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने कहा, “यह रूस के खिलाफ बड़ा झटका है और पुतिन के युद्ध को ईंधन देने वालों के लिए स्पष्ट संदेश है कि वे छिप नहीं सकते।”

ब्रिटिश सरकारी मीडिया के मुताबिक, इस ऑपरेशन में रॉयल मरीन कमाडो, नेशनल क्राइम एजेंसी (NCA), रॉयल एयर फोर्स और ब्रिटिश नौसेना ने हिस्सा लिया। करीब छह घंटे तक चले इस अभियान में चिनूक और मर्लिन हेलीकॉप्टर, RAF का P-8 समुद्री निगरानी विमान के अलावा नौसेना के युद्धपोत HMS SUTHERLAND और HMS LEDBURY का इस्तेमाल किया गया। ब्रिटिश सरकार ने बताया कि जाँच पूरी होने तक जहाज को सुरक्षित निगरानी में रखा जाएगा।

ब्रिटेन का कहना है कि रूस पश्चिमी प्रतिबंधों से बचने के लिए ‘शैडो फ्लीट’ का इस्तेमाल करता है। सरकार के अनुसार, रूस के प्रतिबंधित तेल का लगभग 75 प्रतिशत हिस्सा 700 से अधिक ऐसे जहाजों के जरिए दुनिया भर में पहुँचाया जाता है। इसी आय का इस्तेमाल यूक्रेन के खिलाफ युद्ध जारी रखने में किया जाता है।