‘राम मंदिर चढ़ावा चोरी के आरोपों की कराएँ SIT जाँच’: ट्रस्ट ने UP के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लिखा पत्र, कहा- जनमानस में फैल रही हैं कई प्रकार की शंकाएँ

अयोध्या के भव्य राम मंदिर में दान पेटियों से कथित तौर पर चढ़ावा चोरी होने की अफवाहों और विवादों के बीच एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने इन आरोपों को गंभीरता से लेते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जाँच कराने का अनुरोध किया है।

IANS न्यूज एजेंसी ने मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के हवाले से बताया है कि ट्रस्ट ने एक विशेष जाँच दल (SIT) के गठन की माँग की है ताकि सच्चाई पूरी तरह सामने आ सके।

IANS का ट्वीट

ट्रस्ट का मानना है कि मंदिर की पवित्रता और भक्तों की आस्था से जुड़े इस संवेदनशील मामले में किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी समाज में गलत संदेश दे सकती है। इसलिए अफवाहों का खंडन करने और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए एक निष्पक्ष और गहराई से जाँच होना बेहद जरूरी है।

बता दें कि अखिलेश यादव ने इस बारे में दावा किया था कि मंदिर के पैसों की चोरी हो रही है। हालाँकि ऑपइंडिया से बातचीत में सपा प्रवक्ता पवन पाण्डेय ने कहा था कि ऐसी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है, ये बातें सूत्रों के अनुसार की जा रही हैं।

इस बीच, मीडिया रिपोर्ट्स में कई बार दावा किया गया कि राम मंदिर ट्रस्ट में श्रद्धालुओं से आ रहे दान की राशि में गबन किया गया है। हालाँकि इस बारे में अभी तक न तो किसी FIR की पुष्टि हुई है और न ही शिकायत की।