PM मोदी की खुशामद में ट्रंप ने नहीं छोड़ी कोई कसर, कहा- जब तक नरेंद्र मोदी हैं प्रधानमंत्री हर हमले में भारत के साथ रहेगा अमेरिका

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच फ्रांस के एवियन शहर में बुधवार (17 जून 2026) को जी-7 से इतर द्विपक्षीय मुलाकात हुई। दोनों राष्ट्र प्रमुखों के बीच 16 महीने बाद यह द्विपक्षीय मुलाकात हुई।

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास अमेरिकी सेना की कार्रवाई में तीन भारतीय नाविकों की मौत के बाद दोनों देशों के रिश्तों में तल्खी थी और ऐसे में यह मुलाकात बेहद अहम मानी जा रही थी। बैठक के दौरान अमेरिका राष्ट्रपति ने पीएम मोदी की तारीफ और उनकी खुशामद करने में कोई कसर नहीं छोड़ी।

इस दौरान राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा है कि अगर नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री रहते हुए भारत पर कभी भी कोई हमला हुआ तो अमेरिका आगे आएगा। उन्होंने कहा, “भले ही हमारे बीच कोई लिखित समझौता ना हो लेकिन अगर हमला होता है तो हम मदद के लिए आगे आएँगे।” साथ ही, उन्होंने कहा कि अगर भारत में प्रधानमंत्री मोदी की जगह कोई और नेता आता है तो वह इस विषय में नहीं कह सकते हैं।

बातचीत के दौरान ट्रंप ने पीएम मोदी की जमकर तारीफ की और उन्हें फरिश्ता जैसा तक बता दिया। ट्रंप ने कहा, “वह बहुत सख्त वार्ताकार हैं। वह दिखने में बहुत अच्छे लगते हैं, जैसे कोई फरिश्ता हो। लेकिन असल में वह बेहद सख्त और मजबूत हैं।”

उन्होंने कहा, “उनका व्यक्तित्व आपको चौंका देता है। लोग कहते हैं कि वह बहुत अच्छे इंसान हैं लेकिन मैं कहता हूँ कि वह बहुत मजबूत नेता हैं। वह भारत के लोगों से प्यार करते हैं, लेकिन अमेरिका से भी प्यार करते हैं।”

इस दौरान पीएम मोदी ने भारतीय नाविकों की मौत का मुद्दा भी उठाया। ट्रंप ने कहा कि उन्होंने इस बारे में सुना है और यह बहुत ही मुश्किल पेशा है। ट्रंप ने कहा, “हम इस मामले पर काम कर रहे हैं।”