पत्नी को पेशाब पिलाया, सिर मुंडवाया और हाथ-पैर बाँधकर की मारपीट: छत्तीसगढ़ में शख्स ने बेटों से भी माँ को लगवाए थप्पड़, वीडियो Viral होने के बाद गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में घरेलू हिंसा और महिला उत्पीड़न का एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। यहाँ पति पर पत्नी के हाथ-पैर बाँधकर बेरहमी से मारने, कपड़े फाड़ने, सिर मुंडवाने, चेहरे पर कालिख पोतने और जबरन पेशाब पिलाने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं।

इतना ही नहीं आरोपित ने बच्चों से भी माँ को थप्पड़ मरवाए और पूरी घटना का वीडियो बनवाया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित जितेंद्र घसिया को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मामला पटना थाना क्षेत्र के कटकोना पंडोपारा गाँव का है।

पीड़िता तारा बाई मूल रूप से सूरजपुर जिले की रहने वाली है और पिछले कुछ समय से पति जितेंद्र से अलग रह रही थी। वह रिश्तेदार के घर रहकर मजदूरी कर अपना गुजारा कर रही थी। पीड़िता के अनुसार, 14 जून 2026 को पति वहाँ पहुँचा और उस पर जीजा संग भागने का आरोप लगाया, इसके बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।

महिला का आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपित ने उसके हाथ-पैर बाँध दिए, जूते से पीटा, बाल काटकर सिर मुंडवा दिया और चेहरे पर कालिख पोतकर सार्वजनिक रूप से अपमानित किया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि पति ने पहले बच्चों से उस पर पेशाब कराया और बाद में जबरन उसे वही पिलाया। आरोपित ने पत्नी के चरित्र पर भी आरोप लगाए हैं।

शिकायत और वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया। फरार आरोपित को सूरजपुर से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।