तमिलनाडु के सीफूड फैक्ट्री में अमोनिया गैस लीक से बड़ा हादसा, 7 की मौत-40+ की हालत गंभीर: हिरासत में लिया गया मालिक, CM ने दिए जाँच के आदेश

तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में रविवार (21 जून 2026) को एक सीफूड प्रोसेसिंग और एक्सपोर्ट यूनिट में अमोनिया गैस लीक होने से बड़ा हादसा हो गया। पेरियापालयम के पास कन्निगाइपैर स्थित सेंट पीटर्स पॉल सीफूड्स एक्सपोर्ट्स यूनिट में हुई इस घटना में कम से कम 7 मजदूरों की मौत हो गई। जबकि करीब 67 कर्मचारी गैस की चपेट में आने से प्रभावित हुए, जिन्हें आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फैक्ट्री में अमोनिया गैस का इस्तेमाल प्रोसेसिंग संचालन के दौरान कूलिंग सिस्टम के रूप में किया जा रहा था। गैस रिसाव के बाद फैक्टरी परिसर में अफरा-तफरी मच गई। प्रभावित कर्मचारियों में बड़ी संख्या महिलाओं की बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही अरक्कोनम स्थित राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की चौथी बटालियन को अलर्ट किया गया। इसके बाद चेन्नई से करीब 30 सदस्यीय विशेष टीम मौके पर पहुँची और राहत एवँ बचाव अभियान शुरू किया।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए उच्चस्तरीय जाँच के आदेश दिए हैं। सरकार ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर तीन सदस्यीय जाँच समिति का गठन किया गया है। समिति को 24 घंटे के भीतर अंतरिम रिपोर्ट और तीन दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। इस बीच पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर ली है और फैक्टरी से जुड़े दो मालिकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।