कोलकाता में बड़ा हादसा, निर्माणाधीन गोदाम ढहने से 3 की मौत: 50+ मजदूरों के मलबे में फँसे होने की आशंका, रेस्क्यू में सेना भी जुटी

कोलकाता के तारातला इलाके में बुधवार (24 जून) दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। ब्रेस ब्रिज के पास ट्रांसपोर्ट डिपो रोड पर बन रहे एक गोदाम की छत अचानक ढह गई। हादसे में 3 की मौत हुई और अभी 50 से ज्यादा मजदूरों के फँसे होने की आशंका है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अब तक कई मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया है। कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे अचानक गोदाम का शेड भरभराकर गिर गया। इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने सबसे पहले राहत कार्य शुरू किया।

सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग, आपदा प्रबंधन समूह और सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर पहुँच गईं। हादसे की गंभीरता को देखते हुए सेना को भी बचाव अभियान में लगाया गया है। मलबा हटाने के लिए क्रेन और गैस कटर का इस्तेमाल किया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि मलबे के नीचे अभी भी कुछ मजदूर फँसे हो सकते हैं। राज्य सरकार ने स्थिति पर नजर रखने के लिए कंट्रोल रूम भी सक्रिय कर दिया है।