चीन की सबसे ऊँची इमारत से टकराया विमान, Video में 109 मंजिला बिल्डिंग से गिरता दिखा मलबा

चीन की राजधानी बीजिंग में शुक्रवार (26 जून 2026) की दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक छोटे विमान के शहर की सबसे ऊँची इमारत CITIC टॉवर से टकराने की खबर सामने आई। 528 मीटर ऊँची और 109 मंजिला यह इमारत ‘चाइना जुन’ के नाम से भी जानी जाती है और बीजिंग के सेंट्रल बिजनेस डिस्ट्रिक्ट में स्थित है।

सोशल मीडिया पर सामने आए कई वीडियो और तस्वीरों में इमारत से मलबा गिरता दिखाई दिया, जबकि कुछ दृश्यों में विमान का क्षतिग्रस्त हिस्सा और टावर के एक हिस्से में टूटे हुए काँच नजर आए। घटना के बाद इलाके में भारी संख्या में पुलिस, दमकल और एंबुलेंस तैनात किए गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टावर के भीतर मौजूद लोगों को बाहर निकाला गया और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया। शुरुआती ऑनलाइन रिपोर्टों में दावा किया गया कि दुर्घटनाग्रस्त विमान घरेलू स्तर पर निर्मित सनवर्ड SA60L ऑरोरा लाइट स्पोर्ट एयरक्राफ्ट हो सकता है, जिसका इस्तेमाल एक स्थानीय जनरल एविएशन कंपनी प्रशिक्षण, मनोरंजक उड़ानों और हवाई फोटोग्राफी के लिए करती थी।

हालाँकि चीनी अधिकारियों ने अभी तक घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और न ही किसी हताहत की जानकारी दी है। सोशल मीडिया पर प्रसारित कई पोस्ट बाद में हटा दिए गए, जिससे उपलब्ध जानकारी की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी। मामले की जाँच और आधिकारिक विवरण का इंतजार किया जा रहा है।