आखिरी फिल्म ‘जन नायगन’ नहीं हुई रिलीज तो CM विजय ने उसके प्रोड्यूसर को बाँटा सरकारी पद: BJP और AIADMK ने बोला हमला

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलपति विजय की आखिरी फिल्म ‘जन नायगन’ को लेकर पहले से चल रहा विवाद अब एक नए राजनीतिक मोड़ पर पहुँच गया है। फिल्म के प्रोड्यूसर के वेंकट नारायण को तमिलनाडु सरकार ने नई दिल्ली में राज्य का विशेष प्रतिनिधि नियुक्त किया है।

सरकार की ओर से जारी आदेश के अनुसार, यह एक अस्थायी पद है, जिसे फिलहाल एक वर्ष के लिए बनाया गया है और नियुक्ति से जुड़ी अन्य शर्तें बाद में तय की जाएँगी। इस फैसले के सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों और सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है।

विपक्षी दलों ने सवाल उठाया है कि क्या फिल्म निर्माण से जुड़ा होना इस तरह की प्रशासनिक जिम्मेदारी के लिए पर्याप्त आधार हो सकता है। भाजपा ने नियुक्ति की आलोचना करते हुए नारायण के कुछ राजनीतिक संपर्कों और अंतरराज्यीय मुद्दों का हवाला दिया और दावा किया कि इससे तमिलनाडु के हित प्रभावित हो सकते हैं।

वहीं DMK के कुछ नेताओं ने भी इस निर्णय पर आपत्ति जताई और कहा कि केंद्र सरकार के साथ समन्वय करने वाले महत्वपूर्ण पद की गरिमा बनाए रखी जानी चाहिए। AIADMK ने भी इसी तरह के सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या मुख्यमंत्री की फिल्म प्रोड्यूस करना ही इस भूमिका के लिए योग्यता बन गई है।