तेलंगाना के निजामाबाद जिले में एक महिला ने अपने प्रेमी संग मिलकर अपने बीमार पति की टॉयलेट क्लीनर का इंजेक्शन लगाकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपित पत्नी, उसके प्रेमी और एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मृतक की पहचान खाड़ी देश में काम करने वाले 35 साल के प्रशांत के रूप में हुई है। प्रशांत की माँ ने पुलिस से शिकायत में कहा कि उनके बेटे की मौत का पता उन्हें 30 जून 2026 को लगा। शिकायत में उन्होंने अपनी बहू संध्या पर हत्या का शक जताया।
पुलिस ने जाँच की तो सारा सच सामने आ गया। जाँच में सामने आया कि संध्या का अनिल नाम के व्यक्ति से प्रेम संबंध हैं। इसीलिए पति प्रशांत को रास्ते से हटाने के लिए उसने अनिल के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। इस काम के लिए सबसे पहले उन्होंने प्रशांत के दोस्त वेन्कट साई की मदद ली।
वेन्कट साई ने 29 जून 2026 की रात प्रशांत को खूब शराब पिलाई और फिर छत पर ले जाकर उसे धक्का दे दिया। छत से गिरने के बावजूद प्रशांत बच गया लेकिन उसे गंभीर चोटें आईं। प्रशांत का अस्पताल में इलाज करवाने के बाद जल्द ही उन्हें वापस घर ले आया गया। यहाँ अनिल के साथ मिलकर संध्या ने प्रशांत के कैनुला के जरिए टॉयलेट क्लीनर का इंजेक्शन लगाया और उसे चारपाई से नीचे धकेल दिया, जिससे प्रशांत की मौके पर ही मौत हो गई।
संध्या और अनिल ने अपना अपराध कबूल कर लिया है। पुलिस ने संध्या, अनिल और वेन्कट साई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

