UP में गोकशी करने वाले 47 का ‘सरेंडर’, सहारनपुर में तख्तियाँ लेकर पहुँचे थाने: बोले- अब मेहनत-मजदूरी से चलाएँगे घर

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में गोकशी और संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे पुलिस अभियान का असर जमीन पर दिखाई देने लगा है। गुरुवार (9 जुलाई 2026) शाम करीब चार बजे चिलकाना थाना परिसर में उस समय अलग नजारा देखने को मिला जब गोकशी के मामलों में नामजद रहे 47 लोग खुद थाने पहुँचे। इनमें कई ऐसे आरोपित भी थे जिनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जा चुकी है।

सभी आरोपियों के हाथों में तख्तियाँ थीं जिन पर अपराध छोड़ने, कानून का पालन करने, ईमानदारी से जीवन बिताने और समाज की मुख्यधारा से जुड़ने की बातें लिखी हुई थीं। पुलिस अधिकारियों के सामने आरोपित ने अपना परिचय दिया और भविष्य में गोकशी या किसी भी दूसरी गैरकानूनी गतिविधि में शामिल नहीं होने की शपथ ली।

मेहनत-मजदूरी कर परिवार चलाने का लिया संकल्प

थाना परिसर में आरोपियों ने सामूहिक रूप से कहा कि वे अब अपराध से पूरी तरह दूरी बनाएंगे। किसी ने अपना परिचय सलमान के रूप में दिया तो किसी ने आमिर, रुस्तम और ओमबीर के रूप में। सभी ने भरोसा दिलाया कि वे आगे से मेहनत-मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करेंगे और एक जिम्मेदार नागरिक की तरह समाज में जीवन बिताएँगे।

आरोपियों ने कानून का सम्मान करने और अपने आसपास होने वाली किसी भी आपराधिक गतिविधि की जानकारी पुलिस को देने का भी संकल्प लिया। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समझाया कि अपराध छोड़ने की सार्वजनिक घोषणा तभी सार्थक मानी जाएगी जब उसका असर उनके व्यवहार और जीवन में भी दिखाई देगा।

पुलिस का कहना है कि केवल गिरफ्तारी और मुकदमा दर्ज करना ही अपराध नियंत्रण का एकमात्र तरीका नहीं है। लगातार निगरानी, अपराधियों से संवाद और उन्हें सामाजिक जिम्मेदारी का एहसास कराना भी अपराध की पुनरावृत्ति रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर सत्यापन और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

दोबारा अपराध करने पर होगी कठोर कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों ने सभी 47 लोगों को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि भविष्य में कोई भी व्यक्ति गोकशी या किसी अन्य अपराध में शामिल पाया गया तो उसके खिलाफ बिना किसी ढिलाई के कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शपथ लेने वाले सभी लोगों की गतिविधियों पर पुलिस की नजर भी बनी रहेगी।

सहारनपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने कहा कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी, गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई और पुराने अपराधियों की निगरानी लगातार की जा रही है।

उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल अपराधियों को गिरफ्तार करना नहीं, बल्कि उन्हें अपराध की दुनिया से बाहर निकालकर समाज की मुख्यधारा में वापस लाना भी है। चिलकाना थाने में 47 आरोपियों का खुद पहुँचकर अपराध छोड़ने की शपथ लेना पुलिस के इसी अभियान का सकारात्मक परिणाम है। हालाँकि, भविष्य में किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।