अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण के पीछे 500 वर्षों का संघर्ष है। अब यह संघर्ष बड़े पर्दे पर देखा जाएगा क्योंकि इसको लेकर बॉलीवुड में फिल्म बनने जा रही है, जिसका नाम है- श्री रामभूमि। इस फिल्म में अनुपम खेर दिवंगत विश्व हिंदू परिषद (VHP) नेता अशोक सिंघल का किरदार निभा रहे हैं।
अपने किरदार की तस्वीरें अनुपम खेर ने सोशल मीडिया पर शेयर भी कर दी हैं। तस्वीरें शेयर करते हुए अनुपम खेर ने लिखा, “फ़िल्म ‘श्री रामभूमि’ में मैं श्री अशोक सिंघल जी की भूमिका निभा रहा हूँ!! एक ऐसे व्यक्तित्व, जिन्होंने श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन को अपनी पूरी निष्ठा, दृढ़ संकल्प और समर्पण से दिशा दी।”
अब जबकि मेरे द्वारा निभाए जा रहे किरदार की कुछ तस्वीरें मीडिया में आ चुकी हैं, तो मुझे लगा कि आप सबको मैं ख़ुद ही बता दूँ कि मैं किस भूमिका में नज़र आने वाला हूँ।🙏🕉
— Anupam Kher (@AnupamPKher) July 10, 2026
फ़िल्म ‘ श्री रामभूमि’ में मैं श्री अशोक सिंघल जी की भूमिका निभा रहा हूँ!! एक ऐसे व्यक्तित्व, जिन्होंने श्रीराम… pic.twitter.com/We9i6qj32g
उन्होंने अशोक सिंघल के व्यक्तित्व के बारे में बताया, “एक ऐसे व्यक्तित्व, जिन्होंने श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन को अपनी पूरी निष्ठा, दृढ़ संकल्प और समर्पण से दिशा दी। वे केवल एक नेता नहीं, बल्कि प्रभु श्रीराम के अनन्य सेवक थे। उनकी आस्था, उनकी संवेदनशीलता और उनके अटूट विश्वास ने इस आंदोलन को एक नई ऊर्जा दी।”
अनुपम खेर ने उनका व्यक्तित्व को पर्दे पर ईमानदारी और संवेदनशीलता से उतारना खुद के लिए जिम्मेदारी बताया है। उन्होंने कहा, “मैं पूरी निष्ठा से अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करूँगा।”
ऐसे समय में जब अनुपम खेर श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन पर बन रही फिल्म में काम कर रहे हैं, तभी जब उनसे हाल ही में राम मंदिर चढ़ावे को लेकर हुए विवाद पर पूछा गया था तो उन्होंने कहा था, “चोर हर जगह होते हैं। इससे मंदिर की गरिमा या प्रतिष्ठा कम नहीं होती। इस मंदिर को बनने में 500 साल लगे। अगर कुछ लोग ऐसी हरकतें करते हैं, तो इससे मंदिर की पवित्रता पर असर नहीं पड़ना चाहिए।”
फिल्म श्रीराम जन्मभूमि के बारे में
अयोध्या के श्रीराम मंदिर निर्माण, उसके इतिहास और सांस्कृतिक यात्रा को लेकर बॉलीवुड ‘श्री रामभूमि’ फिल्म बनाने जा रहा है। फिल्म की शूटिंग जुलाई 2026 से अयोध्या में शुरू हो गई है। फिल्म जी स्टूडियोज (Zee Studios) के बैनर तले बनाई जा रही है। फिल्म के निर्देशक कामाख्या नारायण सिंह हैं, जो इससे पहले ‘द केरल स्टोरी’ और ‘भोर’ जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं।
इस फिल्म की मुख्य कमान दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर के हाथों में है, जिसमें वह दिवंगत VHP नेता अशोक सिंघल का किरदार निभाने वाले हैं। अनुपम खेर के साथ इस फिल्म में ऋत्विक भौमिक और अमृता खानविलकर भी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएँगे।
इस फिल्म में मंदिर आंदोलन, भक्तों के कड़े संघर्ष, कानूनी लड़ाइयों और सांस्कृतिक बदलावों की कहानी को बेहद संवेदनशीलता के साथ बड़े पर्दे पर दिखाया जाएगा।

