पश्चिम बंगाल के चुनावों में हार के बाद ममता बनर्जी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। तृणमूल कॉन्ग्रेस (TMC) के भीतर लगातार बगावत की खबरें आ रही हैं और अब इस लिस्ट में एक और बड़ा नाम जुड़ गया है- राज्यसभा की सांसद कोयल मल्लिक। कोयल को तीन महीने पहले अप्रैल में ही ममता बनर्जी ने राज्यसभा भेजा था।
टॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री कोयल मल्लिक, जिनका असली नाम रुक्मिणी मल्लिक है, ने राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया है। गुरुवार (16 जुलाई 2026) को उन्होंने राज्यसभा के अध्यक्ष सीपी राधाकृष्णन को पत्र लिखकर आधिकारिक तौर पर अपने पद से इस्तीफे दे दिया। हालाँकि, वह इससे पहले ही इस्तीफे का ऐलान कर चुकी थीं। लेकिन कोयल ने पत्र में इस्तीफा देने का कोई कारण नहीं बताया।
कोयल अकेली नहीं हैं जिन्होंने ममता का साथ छोड़ा है। उनसे पहले TMC के तीन और राज्यसभा सांसद सुखेंदु शेखऱ रॉय, सुष्मिता देव और प्रकाश चिक बराइक पार्टी से इस्तीफा दे चुके हैं। दिलचस्प बात यह है कि इन तीनों ने सिर्फ राज्यसभा की सदस्यता ही नहीं छोड़ी, बल्कि पार्टी के सारे पदों से भी इस्तीफा देकर भाजपा का दामन थाम लिया।
यही नहीं, तीनों ने भाजपा के टिकट पर राज्यसभा के लिए दोबारा नामांकन भी भर दिया। अब बंगाल की राजनीति में चर्चा है कि कोयल भी उसी राह पर जा सकती हैं, क्योंकि इस्तीफे के बाद उन्हें दिल्ली में भाजपा नेता भूपेंद्र यादव के घर देखा गया, जिससे उनके भाजपा में शामिल होने की अटकलें और तेज हो गई हैं।
वहीं कोयल के इस्तीफे के साथ TMC के राज्यसभा से इस्तीफा देने वाले सांसदों की संख्या अब चार हो गई है। पार्टी के पास पहले 13 राज्यसभा सांसद थे, जो घटकर अब सिर्फ 9 रह गए हैं।
इस बीच पार्टी के भीतर एक और गुट खुलकर सामने आ गया है। बुधवार (15 जुलाई 2026) को पुराने TMC नेता मदन मित्रा ने भी ममता का साथ छोड़ दिया औऱ ऋतब्रत बनर्जी के ‘बागी खेमे’ में शामिल हो गए। मदन मित्रा ने अपनी बगावत की वजह अभिषेक बनर्जी की कार्यशैली को बताया था।
साफ है कि पार्टी अब कई हिस्सों में बँट गई है। एक तरफ जहाँ काकोली घोष के नेतृत्व में 20 बागी सांसदों ने नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) में विलय कर लिया था, अब ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाला ‘असली TMC’ वाला गुट बना है।

