15 अगस्त से पहले चंडीगढ़ में पाकिस्तानी हथियार के साथ 3 संदिग्ध गिरफ्तार: दिल्ली में भी हाई अलर्ट जारी, 19 आतंकियों के लगे पोस्टर

चंडीगढ़ पुलिस के पाकिस्तानी हथियारों के साथ तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक जिगाना पिस्टल, दो पीएफ-3 पिस्टल, दो मैगजीन और 19 कारतूस बरामद किया गया है। 15 अगस्त से पहले हथियारों की बरामदगी से सुरक्षाकर्मियों की नींद उड़ गई है। वहीं दिल्ली को हाईअलर्ट पर रखा गया है साथ ही अलकायदा और इंडियन मुजाहिद्दीन से जुड़े 19 आतंकियों के पोस्टर भी जारी किए गए हैं।

हरियाणा में तीन बदमाश हथियार के साथ गिरफ्तार

ये तीनों गैंगस्टर दीपक नंदल गैंग के साथ जुड़े बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, गुरुग्राम में रंगदारी वसूलने के लिए इन हथियारों का इस्तेमाल किया जाना था। पुलिस ने 15 अगस्त से पहले बड़ी वारदात के मंसूबों को नाकाम कर दिया है।

गिरफ्तार आरोपितों के नाम अजय, रोहित और देव है। अजय की उम्र करीब 19 वर्ष है और रोहित और देव 18-18 साल के बताए जा रहे हैं। अजय हरियाणा के जींद में मारुति कंपनी में हेल्पर का काम करता था। उसने ही रोहित और देव को भी गैंग में शामिल किया। अब तीनों मिलकर वारदात को अंजाम देने के फिराक में थे।

दिल्ली में हाई अलर्ट, आतंकियों के पोस्टर जारी

दिल्ली पुलिस ने 15 अगस्त को देखते हुए 19 मोस्ट वॉन्टेड आतंकियों के पोस्टर जारी किए हैं। ये लोग अलकायदा, इंडियन मुजाहिदीन और खालिस्तानी आतंकी संगठनों से जुड़े हैं। पुलिस ने लोगों को इनकी जानकारी देने की अपील की है। साथ ही जानकारी देने वालों की जानकारी गुप्त रखने की बात भी कही है।

इन आतंकियों के पोस्टर सार्वजनिक स्थलों, बाजारों और व्यस्त जगहों पर लगाया गया है। पोस्टर में रियाज भटकल, शबांदरी मोहम्मद इकबाल, शर्जील अख्तर, अबू सुफियान और सैयद मोहम्मद अर्शियान का नाम शामिल है।

इसके अलावा खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स के रंजीत सिंह उर्फ नीता, खालिस्तान टाइगर फोर्स के अर्शदीप सिंह और बब्बर खालसा इंटरनेशनल के हरविंदर सिंह संधू उर्फ रिंडा, गुरमीत सिंह बग्गा और वधावा सिंह बब्बर का नाम भी शामिल है।

हर साल स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस से पहले दिल्ली में हाई अलर्ट होता है क्योंकि आतंकियों के हमले की आशंका रहती है। इस दौरान जनता को चौकस रहने और अपने आसपास कोई संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति होने पर इसकी सूचना तुरंत पुलिस को करने के लिए कहा जाता है।