जेवर एयरपोर्ट में बारिश के पानी से ज्यादा अखिलेश यादव का ‘नैरेटिव’ भर गया था, आधे घंटे की समस्या को बता दिया भ्रष्टाचार

हाल ही में जेवर में शुरू हुआ नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट मंगलवार को हुई तेज बारिश के बाद अचानक सुर्खियों में आ गया। वजह थी टर्मिनल और पार्किंग एरिया को जोड़ने वाले हिस्से में जमा हुआ पानी, जिसका वीडियो कुछ ही घंटों में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

अब वायरल वीडियो जहाँ पहुँचे, वहाँ समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव का पहुँचना तय है। वीडियो पर अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए पूछा कि क्या अब एयरपोर्ट पर नाव चलेगी। अखिलेश यादव ने एयरपोर्ट की क्वालिटी पर सवाल तो खड़े कर दिए लेकिन सच्चाई जानने की कोशिश की ही नहीं।

ग्रेटर नोएडा में असाधारण रूप से बारिश हुई

मंगलवार को ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में असाधारण रूप से तेज बारिश हुई। इसके बाद एयरपोर्ट परिसर में मौजूद कुछ यात्रियों और स्टाफ ने देखा कि टर्मिनल से पार्किंग की ओर जाने वाले रास्ते पर पानी जमा हो गया है। जाहिर है, मोबाइल कैमरे तुरंत निकले, वीडियो बना और मिनटों में वह ‘एयरपोर्ट में बाढ़’ के कैप्शन के साथ X पर घूमने लगा। भारत में जहाँ कोई भी सरकारी प्रोजेक्ट राजनीतिक हथियार बनने से बच नहीं पाता, वहाँ एक नवनिर्मित एयरपोर्ट पर जलभराव का वीडियो सोने पर सुहागा साबित हुआ।

एयरपोर्ट स्टाफ ने साफ किया- ये कोई स्ट्रक्चरल खामी नहीं

एयरपोर्ट प्रबंधन ने साफ किया कि यह कोई स्ट्रक्चरल खामी नहीं बल्कि एक असामान्य रूप से तेज बारिश की वजह से बना अस्थायी जलभराव था। प्रबंधन के मुताबिक, बारिश इतनी तेज थी कि ड्रेनेज सिस्टम पर कुछ देर के लिए दबाव बढ़ गया।

खुद एयरपोर्ट अथॉरिटी के बयान के मुताबिक, प्राथमिकता यात्रियों की सुविधा और टर्मिनल-पार्किंग के बीच निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करना थी, और मौसम से जुड़ी इस स्थिति को उसी अनुसार संभाला गया।

आधे घंटे के अंदर स्थिति सामान्य कर दी गई

वीडियो वायरल होते ही एयरपोर्ट की टीम मौके पर पहुंची और पानी निकालने का काम शुरू कर दिया। ड्रेनेज व्यवस्था के जरिए जमा पानी को हटाया गया, और अधिकारियों का दावा है कि यह अस्थायी जलभराव करीब आधे घंटे के भीतर ही साफ कर दिया गया था। यानी जिस ‘आपदा’ का वीडियो घंटों तक टाइमलाइन पर घूमता रहा, वह हकीकत में एयरपोर्ट पर तीस मिनट से ज्यादा टिका ही नहीं।

इस पूरे प्रकरण पर अखिलेश यादव के जबरन नैरेटिव की सच्चाई सामने लाने के लिए बीजेपी विधायक धीरेन्द्र सिंह खुद एयरपोर्ट पर पानी भरने वाली जगह पर पहुँच गए। वहाँ दुरुस्त व्यवस्था देख उन्होंने उसी जगह से खड़े होकर एक बयान साझा किया और सपा प्रमुख पर जमकर निशाना साधा।

भाजपा विधायक ने अपनी वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा, “जिन्हें जेवर का अभूतपूर्व विकास दिखाई नहीं देता, उन्हें केवल गड्ढे और पानी ही नजर आएँगे। कभी जेवर विकास की मुख्यधारा से दूर था और जिनके शासनकाल में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट वर्षों तक सिर्फ कागजों और चर्चाओं तक सीमित रहा, उन्हें आज धरातल पर हो रहा विकास दिखाई न देना स्वाभाविक है। आज जेवर बदल रहा है, आगे बढ़ रहा है और विकास की नई पहचान बन रहा है।”

अखिलेश यादव का जेवर एयरपोर्ट पर सवाल उठाना पुरानी आदत

अखिलेश यादव के लिए जेवर एयरपोर्ट कोई नया निशाना नहीं है। परियोजना के शिलान्यास के दिन से लेकर उद्घाटन तक, सपा प्रमुख लगातार इस पर तंज कसते रहे हैं। कभी ‘उद्घाटन के बाद इसे बेच तो नहीं दोगे’ कहकर तो कभी अपने विमान को उतरने न देने की पुरानी शिकायतें दोहराकर।

यानी हर मौके को भुनाने की एक तैयार स्क्रिप्ट पहले से मौजूद थी और जलभराव के वीडियो को बस उसमें फिट करना था। जैसे ही जलभराव का वीडियो सामने आया, अखिलेश यादव ने बुधवार सुबह उसे अपने एक्स हैंडल से शेयर करते हुए तंज कसा- “क्या अब एयरपोर्ट पर नावें चलेंगी? जहां बीजेपी की सरकार है, वहां महाभ्रष्टाचार है!”

एक तीस मिनट में सुलझ चुकी मौसमी घटना को सीधे भ्रष्टाचार से जोड़ देना, यही वह पैटर्न है जो अखिलेश यादव अपने हर बयान में दोहराते नजर आते हैं। तथ्य, संदर्भ और अधिकारियों की सफाई पीछे छूट जाती है, और आगे रह जाता है सिर्फ एक चटपटा नैरेटिव, जो चंद घंटों में हजारों रीट्वीट बटोर लेता है।