उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में एक शादी समारोह में बज रहे तेज डीजे की आवाज से 140 मुर्गियों की मौत का मामला सामने आया है। घटना बल्दीराय थाना क्षेत्र के दरियापुर गाँव की है। पोल्ट्री फार्म संचालक साबिर अली ने डीजे ऑपरेटर कवि यादव के खिलाफ पुलिस में मुकदमा लिखाया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कुड़वार क्षेत्र से आई बारात जब गाँव में प्रवेश कर रही थी, तब उसके साथ तेज आवाज में डीजे बज रहा था। इसी दौरान बारात का जुलूस गाँव में स्थित एक पोल्ट्री फार्म के पास से गुजरा। पोल्ट्री फार्म संचालक साबिर का आरोप है कि डीजे की अत्यधिक तेज आवाज से फार्म में मौजूद मुर्गियाँ बुरी तरह घबरा गईं।
अचानक हुए इस शोर और कंपन से उनमें भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, जिसके चलते बड़ी संख्या में मुर्गियों की मौत हो गई। घटना के बाद पोल्ट्री फार्म मालिक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित डीजे संचालक कवि यादव के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जाँच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साक्ष्यों को इकट्ठा किया जा रहा है और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। जाँच पूरी होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

