वॉशरूम में गार्ड को मिले ₹40000, ट्रस्ट तक पहुँची बात और फिर… जानें- कैसे खुला था राम मंदिर चढ़ावा चोरी का राज

अयोध्या के राम मंदिर में श्रद्धालुओं के दान से चोरी का खुलासा एक सुरक्षा गार्ड की सतर्कता से हुआ था। मामला तब सामने आया, जब मंदिर परिसर के एक वॉशरूम में 40 हजार रुपए नकद छिपाकर रखे मिले। इस घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज, आंतरिक जाँच और पुलिस की कार्रवाई में दान की रकम में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का आरोप सामने आया।

अब इस पूरे मामले की जाँच विशेष जाँच दल (SIT) कर रहा है। अब तक 8 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और लाखों रुपए की नकदी के साथ अन्य सामान भी बरामद हुआ है।

वॉशरूम में मिले 40 हजार रुपए से शुरू हुई जाँच, CCTV ने खोली पोल

जाँच से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, मई के अंतिम सप्ताह में मंदिर परिसर में ड्यूटी पर तैनात एक सुरक्षा गार्ड की नजर वॉशरूम के अंदर छिपाकर रखे 40 हजार रुपए पर पड़ी। उसने तुरंत इसकी जानकारी श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अधिकारियों को दी।

शुरुआती जाँच में दान पेटियों से आने वाली नकदी में गड़बड़ी की आशंका सामने आई, जिसके बाद ट्रस्ट ने पहले आंतरिक जाँच शुरू की और 4 जून 2026 को पूरे मामले की जानकारी जिला प्रशासन को दी। मामला संज्ञान में आने के बाद उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने 13 जून 2026 को SIT का गठन किया था।

समिति ने दान की गिनती की पूरी व्यवस्था की समीक्षा की, कर्मचारियों से पूछताछ की और कैश काउंटिंग एरिया के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जाँच में आरोप है कि दान गिनने के लिए तैनात कुछ कर्मचारी गिनती के दौरान ही नोटों के बंडल छिपाकर अपनी जेब या कपड़ों में रख लेते थे।

इसके बाद वे वॉशरूम में जाकर नकदी को पहले से तय जगह पर छिपा देते थे। सुरक्षा जाँच से बचने के लिए आरोपित एक साथ पूरी रकम बाहर नहीं ले जाते थे, बल्कि रोज थोड़ा-थोड़ा पैसा परिसर से बाहर निकालते थे ताकि किसी को शक न हो।

80 लाख रुपए बरामद, कई जिलों में छापेमारी

ट्रस्ट की शिकायत के बाद पुलिस ने दान गिनने वाले कर्मचारियों से पूछताछ शुरू की। मिले सुरागों के आधार पर अयोध्या के साथ-साथ बहराइच, प्रतापगढ़ और अन्य जिलों में एक साथ छापेमारी की गई। शिकायत दर्ज होने के करीब 17 घंटे के भीतर पुलिस और ट्रस्ट की संयुक्त टीम ने लगभग 80 लाख रुपए नकद बरामद कर लिए।

जाँच के दौरान आरोपितों के ठिकानों से नकदी, सोने-चाँदी के आभूषण और दान के पैसों से खरीदी गई एक लग्जरी कार भी बरामद की गई। अब तक इस मामले में दान गिनने वाली टीम से जुड़े आठ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने आरोपितों और उनके रिश्तेदारों से जुड़े करीब 50 बैंक खातों को भी फ्रीज कर दिया है।

मामले के सामने आने के बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने दान व्यवस्था में कई बड़े बदलाव किए हैं। कैश काउंटिंग रूम की सुरक्षा बढ़ा दी गई है, सीसीटीवी निगरानी मजबूत की गई है, चाबियों की सुरक्षा के लिए नए प्रोटोकॉल लागू किए गए हैं और नकदी संग्रह की व्यवस्था को अधिक तकनीकी और पारदर्शी बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।