बांग्लादेश में जिस हिंदू दुकानदार को कट्टरपंथियों ने लगाई थी आग, इलाज के दौरान उसकी मौत: खोकन दास ने तालाब में कूदकर की थी जान बचाने की कोशिश

बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हिंसा की जानलेवा घटनाएँ थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शरियतपुर जिले में हिंदू दुकानदार खोकन दास की भी इलाज के दौरान मौत हो गई है। इस्लामी कट्टरपंथियों के हमले में गंभीर रूप से घायल खोकन दास दो दिनों तक ढाका मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एडमिट थे।

करीब 50 वर्षीय खोकन दास अपने गाँव में एक छोटा मेडिकल स्टोर चलाते थे और मोबाइल बैंकिंग से भी जुड़ा काम करते थे। बुधवार (31 दिसंबर 2025) की रात, जब वह दुकान बंद कर घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया। पहले उन पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। इसके बाद हमलावरों ने उन पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी।

अपनी जान बचाने के लिए खोकन दास किसी तरह पास के तालाब में कूद पड़े, जिससे आग तो बुझ गई लेकिन वह बुरी तरह झुलस चुके थे और अत्यधिक खून बह चुका था। स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुँचाया, जहाँ से हालत नाजुक होने पर ढाका रेफर किया गया। हालाँकि, गंभीर चोटों और जलने के कारण डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।