बांग्लादेश में बुधवार (31 दिसंबर 2025) को शरियतपुर जिले में रहने वाले हिंदू युवक खोकन दास पर कट्टरपंथियों की भीड़ ने हमला कर दिया। जानकारी के मुताबिक, खोकन दास जब अपने घर लौट रहे थे, तभी भीड़ ने उन्हें घेर लिया।
पहले धारदार हथियारों से उन पर हमला किया गया, फिर बेरहमी से पीटा गया और इसके बाद पेट्रोल डालकर उन्हें जिंदा जलाने की कोशिश की गई। हमले के दौरान गंभीर रूप से घायल खोकन दास ने पास के तालाब में छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।
पिछले दो हफ्तों में यह हिन्दुओं पर चौथा बड़ा हमला है। इससे पहले 18 दिसंबर 2025 को दीपू चंद्र दास और 25 दिसंबर 2025 को अमृत मंडल की भीड़ द्वारा हत्या की घटनाएँ सामने आ चुकी हैं।

