बंगाल में शुभेंदु सरकार का होने जा रहा कैबिनेट विस्तार, 35 नए मंत्री लेंगे शपथ: 1 जून को नबन्ना में होगा शपथ ग्रहण समारोह

पश्चिम बंगाल में बीजेपी सरकार के मंत्रिमंडल के विस्तार की तैयारी पूरी हो चुकी है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने 35 नए मंत्रियों को शामिल करने की घोषणा की है। ये सभी मंत्री सोमवार (1 जून 2026) को शपथ लेंगे।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर जानकारी दी कि बंगाल की जनता के मत से चुनी गई राष्ट्रवादी सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार होने जा रहा है। नबन्ना में सुबह 11 बजे 35 मंत्रियों का शपथग्रहण समारोह आयोजित होगा, जहाँ राज्यपाल आरएन रवि सभी मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएँगे।

हालाँकि सरकार की ओर से अब तक सभी मंत्रियों के विभागों की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

बता दें कि 4 मई 2026 को बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित हुए थे, जिसमें बीजेपी ने बहुमत से सरकार बनाई थी। इसके बाद 9 मई 2026 को शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली थी। उनके साथ सिर्फ 5 कैबिनेट मंत्रियों ने भी शपथ ली थी। अब 1 जून को 35 नए मंत्रियों के शपथग्रहण के बाद शुभेंदु सरकार का मंत्रिमंडल पूरा हो जाएगा।