पश्चिम बंगाल में शनिवार (9 मई 2026) को भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी ने राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली। कोलकाता के प्रतिष्ठित ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल आरएन रवि ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शुभेंदु के साथ दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तिनिया, निशीथ प्रमाणिक और खुदीराम टुडु ने भी मंत्री पद की शपथ ली।
करीब 15 वर्षों तक सत्ता में रही ममता बनर्जी सरकार के बाद यह पहला मौका है जब बंगाल में बीजेपी की सरकार बनी है। शुभेंदु अधिकारी ने विधानसभा चुनाव में भवानीपुर सीट से ममता बनर्जी को हराकर राजनीतिक समीकरण बदल दिए थे।
पीएम मोदी, अमित शाह समेत 21 राज्यों के सीएम रहे मौजूद
समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता समेत कई बड़े नेता शामिल हुए। इसके अलावा 21 राज्यों के मुख्यमंत्री, सांसद, विधायक और हजारों भाजपा कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
समारोह को खास बनाने के लिए बंगाली संस्कृति की झलक भी दिखाई गई। 25 बैशाख यानी गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। उद्योग जगत से संजय बुधिया और सज्जन भजंका समेत कई हस्तियों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
207 सीटों की जीत के बाद बनी पहली बीजेपी सरकार
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 207 सीटों पर जीत दर्ज कर स्पष्ट बहुमत हासिल किया, जबकि तृणमूल कॉन्ग्रेस 80 सीटों तक सिमट गई। चुनाव परिणाम आने के बाद 8 मई को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में शुभेंदु अधिकारी को विधायक दल का नेता चुना गया था।
प्रोटोकॉल के तहत पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भी शपथ ग्रहण समारोह का निमंत्रण भेजा गया था। ब्रिगेड परेड ग्राउंड में पहली बार किसी मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होने से यह आयोजन राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों दृष्टि से बेहद खास माना गया।

