‘फ्रेंडली फाइट’ में चारों खाने चित हुआ महागठबंधन, सभी 11 सीटों पर पीछे चल रहे विपक्ष के उम्मीदवार: आपसी फूट का NDA को मिल रहा फायदा

बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन के घटक दलों आरजेडी, कॉन्ग्रेस, वीआईपी और लेफ्ट पार्टियों के बीच 11 सीटों पर रजामंदी नहीं बन पाई थी। इनमें फ्रैंडली फाइट हुई। इसका असर ये हुआ कि महागठबंधन सभी 11 सीटों में चुनाव हार रही है।

इन सीटों में वैशाली, बछवाड़ा, राजापाकर, बिहारशरीफ, बेलदौर, कहलगाँव, सिकंदरा, चैनपुर, करगहर, नरकटियागंज और सुल्तानगंज शामिल हैं।

बिहारशरीफ से कॉन्ग्रेस के उम्मैद खान और सीपीआई के शिव कुमार यादव चुनाव मैदान में है। वहीं बीजेपी से डॉक्टर सुनील कुमार को मैदान में उतारा है। फिलहाल इस सीट से डॉक्टर सुनील कुमार सबसे आगे हैं।

वैशाली सीट से कॉन्ग्रेस से संजीव कुमार चुनाव मैदान में हैं, वहीं यहाँ आरजेडी ने अजय कुशवाहा को टिकट दिया था। यहाँ से जेडीयू के सिद्धार्थ पटेल आगे चल रहे हैं। राजापाकड़ से प्रतिमा कुमारी दास कॉन्ग्रेस उम्मीदवार हैं जबकि सीपीआई ने मोहित पासवान को टिकट दे दिया। यहाँ से जेडीयू के महेन्द्र राम आगे चल रहे हैं।

बछवाड़ा से कॉन्ग्रेस ने शिव प्रकाश गरीब दास को टिकट दिया जबकि यहाँ से सीपीआई के अवधेश राय चुनाव मैदान में थे। यहाँ से बीजेपी के सुरेन्द्र मेहता आगे चल रहे हैं। बेलदौर से मिथिलेश कुमार को कॉन्ग्रेस ने उतारा जबकि वीआईपी ने तनीषा भारती को उतारा। यहाँ से जनता दल यू के पन्ना लाल सिंह पटेल आगे चल रहे हैं।

कहलगाँव से प्रवीण सिंह कुशवाहा कॉन्ग्रेस से उम्मीदवार हैं वहीं रजनीश भारती आरजेडी से चुनाव मैदान में हैं। यहाँ से जनता दल यू के शुभानंद मुकेश आगे चल रहे हैं। सिकंदरा से कॉन्ग्रेस ने विनोद चौधरी को चुनाव मैदान में उतारा, वही उदय नारायण चौधरी को आरजेडी ने टिकट दे दिया। यहाँ से एनडीए के घटक हम के प्रफ्फुल कुमार मांझी आगे चल रहे हैं।

चैनपुर से बृजकिशोर बिन्द आरजेडी से उम्मीदवार थे, जबकि बाल गोविंद बिन्द वीआईपी के उम्मीदवार हैं। यहाँ से जेडीयू के मोहम्मद जमा खान आगे हैं। करहगर से संतोष कुमार मिश्रा को कॉन्ग्रेस ने उम्मीदवार बनाया जबकि महेन्द्र प्रसाद गुप्ता को सीपीआई ने टिकट दिया। यहाँ से एनडीए के उम्मीदवार आगे चल रहे हैं।

नरकटियागंज से शाश्वत केदार को कॉन्ग्रेस ने उम्मीदवार बनाया, वहीं आरजेडी ने दीपक यादव को उम्मीदवार बनाया। यहाँ से बीजेपी के संजय कुमार पांडे आगे चल रहे हैं। सुल्तानगंज से कॉन्ग्रेस ने ललन कुमार को उम्मीदवार बनाया, जबकि आरजेडी ने चंदन कुमार सिन्हा को टिकट दिया। यहाँ से ललित नारायण मंडल को जेडीयू ने टिकट दिया। वह आगे चल रहे हैं।