बिहार में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले, केंद्र और राज्य सरकार ने महिला मतदाताओं को बड़ा तोहफा दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार (26 सितंबर 2025) को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए महत्वाकांक्षी ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ की शुरुआत की। इस योजना के तहत, राज्य की 75 लाख महिलाओं के बैंक खातों में सीधे ₹10,000 ट्रांसफर किए गए हैं। यह पहल ₹7500 करोड़ के शुरुआती आर्थिक सहयोग की शुरुआत है, जिसका लक्ष्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है।
₹2 लाख तक की मदद, स्वरोजगार पर जोर
पीएम मोदी ने बताया कि यह योजना हर परिवार की एक महिला को लाभ देगी। अगर कोई महिला अपना रोजगार शुरू करने की इच्छुक है, तो उसे आगे ₹2 लाख तक की अतिरिक्त वित्तीय सहायता भी दी जाएगी। इस पैसे का उपयोग महिलाएँ किराना, कॉस्मेटिक, बर्तन की दुकान या फिर गाय, मुर्गी, बकरी पालन जैसे छोटे व्यवसाय शुरू करने में कर सकती हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि इस योजना को ‘जीविका’ महिला स्वयं सहायता समूहों के जरिए लागू किया जाएगा। ये समूह महिलाओं को ट्रेनिंग और काम सिखाने में मदद करेंगे।
‘जनधन’ से मिला भ्रष्टाचार पर काबू
पीएम मोदी ने इस मौके पर ‘जनधन योजना‘ की अहमियत बताई। पीएम ने कहा, “अगर 11 साल पहले जनधन योजना शुरू नहीं की गई होती, तो आज इतनी बड़ी संख्या में पैसे सीधे खातों में भेजना संभव नहीं होता।” पीएम मोदी ने पूर्व में भेजे गए पैसे में कटौती होने की बात याद दिलाते हुए कहा कि अब ₹10,000 पूरे के पूरे खाते में आए हैं, इसे कोई नहीं लूट सकेगा। पीएम मोदी ने कहा, “आपके दो भाई नरेंद्र-नीतीश मिलकर आपके लिए काम कर रहे हैं।”
‘लखपति दीदी’ अभियान को मिली नई शक्ति
पीएम ने कहा कि नवरात्रि के समय नारी शक्ति के लिए कुछ करने का मौका मिला है। यह योजना केंद्र सरकार के ‘लखपति दीदी अभियान’ को और मजबूत करेगी। पीएम मोदी ने विश्वास जताया कि जल्द ही पूरे देश में सबसे ज्यादा ‘लखपति दीदी’ बिहार में ही होंगी। इसके अलावा, मुद्रा योजना, ड्रोन दीदी और उज्ज्वला योजना जैसी योजनाओं से भी महिलाओं को रोजगार और सुविधाएँ मिल रही हैं। उन्होंने ‘उज्ज्वला योजना’ का उदाहरण देते हुए कहा कि इससे माताओं-बहनों को रसोई के धुएँ से मुक्ति मिली है।
केंद्र सरकार की मुद्रा योजना, ड्रोन दीदी अभियान, बीमा सखी अभियान, बैंक दीदी अभियान… ये सब भी आपके लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बना रहे हैं।
— BJP (@BJP4India) September 26, 2025
हमारा एक ही लक्ष्य है—आपके सपने पूरे हों!
-पीएम @narendramodi pic.twitter.com/dpMpjPfmZX
‘लालटेन के राज’ पर पीएम का तीखा हमला
पीएम मोदी ने आरजेडी (RJD) के पुराने शासन पर तीखा हमला किया। पीएम मोदी ने कहा कि जब बिहार में ‘लालटेन का राज‘ था, तब अराजकता और भ्रष्टाचार की सबसे ज्यादा मार महिलाओं ने ही झेली थी।
जब बिहार में आरजेडी की सरकार थी, लालटेन का राज था, उस दौरान अराजकता और भ्रष्टाचार की सबसे ज्यादा मार बिहार की महिलाओं ने ही झेली है।
— BJP (@BJP4India) September 26, 2025
वो दिन याद कीजिए जब बिहार की सड़कें टूटी-फूटी होती थीं, पुल-पुलिया का नामोनिशान नहीं था। तब सबसे ज्यादा तकलीफ किसे होती थी?
बाढ़ में परेशानी इतनी…
पीएम मोदी ने दर्दनाक घटनाएँ याद दिलाईं कि टूटी सड़कों और बदहाल व्यवस्था के कारण बाढ़ के समय गर्भवती महिलाओं को समय पर अस्पताल पहुँचना भी मुश्किल होता था। पीएम ने कहा कि इन मुश्किलों से बाहर निकालने के लिए हमारी सरकार ने दिन-रात काम किया है।

