पश्चिम बंगाल की राजनीति में शनिवार (9 मई 2026) का दिन ऐतिहासिक है। करीब डेढ़ दशक तक सत्ता में रही ममता बनर्जी सरकार को सत्ता से बाहर करने के बाद अब राज्य में पहली बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने जा रही है। बीजेपी विधायक दल के नेता शुभेंदु अधिकारी शनिवार (09 मई 2026) को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
खास बात यह है कि यह पहला अवसर होगा जब ब्रिगेड परेड ग्राउंड जैसे बड़े सार्वजनिक स्थल पर राज्य के मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन 25 बैशाख यानी गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की 165वीं जयंती के दिन रखा गया है, जिसके चलते समारोह में बंगाली संस्कृति और परंपरा की विशेष झलक भी देखने को मिलेगी।
पीएम मोदी और अमित शाह समेत कई दिग्गज होंगे मौजूद
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी कार्यक्रम को और खास बनाएगी। इसके अलावा बीजेपी और एनडीए शासित 21 राज्यों के मुख्यमंत्रियों के भी शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। भाजपा सांसदों, विधायकों और हजारों कार्यकर्ताओं के अलावा लाखों समर्थकों के कार्यक्रम में पहुँचने का अनुमान है।
राजनीतिक जगत के साथ-साथ उद्योग और सांस्कृतिक क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियां भी समारोह का हिस्सा बनेंगी। उद्योगपति संजय बुधिया और सज्जन भजंका के अलावा अभिनेत्री ममता शंकर और टॉलीवुड की कई जानी-मानी हस्तियों को आमंत्रित किया गया है। न्यायपालिका से जुड़े वर्तमान और पूर्व न्यायाधीश भी इस भव्य आयोजन में शामिल हो सकते हैं।
सुरक्षा के लिए 35 सेक्टरों में बाँटा गया ब्रिगेड ग्राउंड
इतने बड़े आयोजन को देखते हुए कोलकाता पुलिस ने अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था की है। पुलिस ने ब्रिगेड परेड ग्राउंड को लगभग 35 सेक्टरों में विभाजित किया है और कई सेक्टरों को मिलाकर अलग-अलग ब्लॉक बनाए गए हैं। प्रत्येक ब्लॉक की जिम्मेदारी IPS स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई है।
कोलकाता पुलिस कमिश्नर अजय नंदा स्वयं पूरे सुरक्षा इंतजाम की निगरानी करेंगे। समारोह में शामिल होने वाले करीब 40 VVIP मेहमानों के लिए अलग सुरक्षा घेरा बनाया गया है, जहाँ सबसे कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
ड्रोन निगरानी और शहरभर में ट्रैफिक कंट्रोल
अधिकारियों के अनुसार, ब्रिगेड परेड ग्राउंड और उसके आसपास की ऊँची इमारतों से भी निगरानी की जाएगी। शहर में VIP मूवमेंट और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके साथ ही कोलकाता में विशेष ट्रैफिक कंट्रोल योजना लागू की गई है।
सुबह 4 बजे से रात 8 बजे तक मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी, हालाँकि जरूरी सेवाओं से जुड़े वाहनों को छूट दी गई है। LPG, पेट्रोलियम, ऑक्सीजन, दवाइयाँ, सब्जियाँ, दूध, फल और मछली जैसी आवश्यक वस्तुओं को ले जाने वाली गाड़ियाँ चल सकेंगी। विक्टोरिया मेमोरियल के आसपास पार्किंग पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।
294 सदस्यीय पश्चिम बंगाल विधानसभा में बीजेपी ने 207 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। वहीं ममता बनर्जी की अगुवाई वाली TMC को 81 सीटों पर संतोष करना पड़ा। इस जीत के साथ ही राज्य में 15 वर्षों से चला आ रहा TMC का शासन समाप्त हो गया है।

