फीफा विश्व कप (FIFA World Cup) में हिस्सा लेने के लिए ब्राजील की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम रवाना हो गई है। रियो डी जेनेरियो के इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर टीम को बहुत ही अनोखी और भावुक विदाई दी गई। जब टीम का विमान उड़ान भरने के लिए आगे बढ़ा, तो दो फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने पवित्र जल की बौछारें छोड़कर उसे सलामी दी।
विमानन की भाषा में इस खास परंपरा को ‘एयरक्राफ्ट बैप्टिज्म‘ या वॉटर सैल्यूट कहा जाता है। यह परंपरा बेहद पुरानी और खास है। किसी बड़ी और महत्वपूर्ण यात्रा की शुरुआत से पहले विमान को इस तरह पानी की धारों के बीच से गुजारा जाता है। एक तरह से यह विमान और पूरी टीम का ‘शुद्धिकरण’ (पवित्र करने की रस्म) करने जैसा है।
बपतिस्मा (Baptism) ईसाइयत में एक प्रमुख धार्मिक संस्कार (दीक्षा) है। इसका मुख्य अर्थ पानी में डुबकी लगाकर या सिर पर पानी छिड़ककर शुद्धि करना है। यह मसीह के अनुयायी के रूप में एक नए जीवन की शुरुआत और सार्वजनिक रूप से विश्वास की घोषणा का प्रतीक है।
Brazil baptized their team plane before leaving for the World Cup
— Barstool Sports (@barstoolsports) June 2, 2026
It just means more pic.twitter.com/LrhBk2NAHZ
ब्राजीलियन फुटबॉल परिसंघ की मंजूरी के बाद एयरपोर्ट कर्मचारियों ने इसका आयोजन किया था। माना जाता है कि इस पवित्र स्नान से यात्रा के सारे विघ्न दूर होते हैं, सफर शुभ होता है और टीम को कामयाबी का आशीर्वाद मिलता है।
24 साल के सूखे को खत्म करने की उम्मीद
ब्राजील दुनिया की सबसे मजबूत फुटबॉल टीमों में से एक है। उसने अब तक सबसे ज्यादा 5 बार विश्व कप का खिताब अपने नाम किया है। हालाँकि, टीम ने आखिरी बार साल 2002 में विश्व कप जीता था। इसके बाद से फैंस को कप का बेसब्री से इंतजार है। इस बार टीम इस 24 साल के सूखे को खत्म करने के इरादे से मैदान में उतरेगी।

