भाग्य श्री का गला रेतने वाले शेख रईस के अवैध निर्माण पर चला MP सरकार का बुलडोजर, इस्लाम नहीं कबूलने पर घर में घुस कर दी थी हत्या

मध्य प्रदेश के बुरहानपुर में नावरा गाँव की हिंदू महिला भाग्यश्री धानुक की रईस ने गला रेतकर हत्या कर दी थी। हिंदू संगठनो की माँग के बाद शेख रईस के अवैध अतिक्रमण पर प्रशासन ने सोमवार (5 अगस्त 2025) को कार्रवाई की है।

जानकारी के अनुसार, जिले के एसडीएम भागीरथ वाखला, थाना प्रभारी ज्ञानू जायसवाल और नगर पालिका के नरेंद्र सिंह तंवर सहित अन्य अधिकारियों की टीम दोपहर में नेपानगर पहुँची। रेलवे ओवरब्रिज के नीचे अवैध रूप से आरोपित रईस ने भैंसों का तबेला बना रखा था। प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर यहाँ बने उसके अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।

रिपोर्ट के मुताबिक, प्रशासन ने एक दिन पहले ही रईस की संपत्ति को चिह्नित किया था। बीते शुक्रवार (1 अगस्त 2025) को रईस ने नावरा गाँव में हिंदू महिला भाग्यश्री की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी थी। वह काफी समय से उस पर धर्मांतरण कर निकाह करने का दबाव बना रहा था। घटना के दिन उसने फिर जबरजस्ती की और उसके इंकार करने के बाद हत्या कर दी।

पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया था, हालाँकि घटना के बाद हिंदू संगठनों ने नेपानगर और नावरा में दुकानें बंद करा कर पीड़िता के परिवार को मुआवजा देने और आरोपित का अवैध अतिक्रमण तोड़ने की माँग की थी।