कोरिया में माफियाओं ने BJP नेता समेत 3 को कार में जिंदा जलाया, साथियों पर फरसे से किए वार: पुलिस ने 4 को किया गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में रेत खनन के वर्चस्व को लेकर खूनी गैंगवार हुआ है। हमलावरों ने बीजेपी नेता और पूर्व जनपद अध्यक्ष भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह की फॉर्च्यूनर कार को चारों तरफ से घेर लिया। इसके बाद गाड़ी पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।

इस वीभत्स हमले में लल्ला सिंह गाड़ी के भीतर जिंदा जल गए। कार से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे उनके साथियों पर फरसे से बेरहमी से हमला किया गया। इस हमले में नागेंद्र सिंह और वीरेंद्र सिंह की भी मौत हो गई।

घटना सोनहत के नौगई गाँव की है, जहाँ लल्ला सिंह और बीजेपी नेता मनोज त्रिपाठी के परिवार के बीच लंबे समय से रेत खदान को लेकर तनातनी चल रही थी। पुलिस ने मुख्य आरोपि मनोज त्रिपाठी, अक्षत और विशाल समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

कुल 9 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। इस खूनी कांड के बाद पूरे इलाके में भारी तनाव है। पीड़ित परिवार ने अब आरोपितों के एनकाउंटर और पूरे मामले की सीबीआई (CBI) जांच की माँग की है।