‘PM मोदी नहीं होने देंगे छात्रों के साथ अन्याय’: रिपोर्टों में दावा- कॉन्ग्रेस नेता दिग्विजय सिंह भी कर रहे प्रधानमंत्री की तारीफ

जहाँ एक तरफ कॉन्ग्रेस पार्टी से नेता प्रतिपक्ष राहुल गाँधी NEET विवाद को लेकर लगातार सरकार पर हमलावर हैं, वहीं कॉन्ग्रेस सांसद दिग्विजय सिंह इस मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते नहीं थक रहे हैं। सोमवार (10 जून 2026) को शिक्षा मंत्रालय से जुड़ी संसदीय समिति बैठक का नेतृत्व कर रहे कॉन्ग्रेस सांसद दिग्विजय सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सिस्टम पर पूरा भरोसा जताया।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने कहा कि समिति को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और व्यवस्था पर पूरा भरोसा है और उन्हें विश्वास है कि छात्रों के साथ कोई अन्याय नहीं होगा। हालाँकि, दिग्विजय सिंह का यह बयान आधिकारिक नहीं था।

यह बातचीत बैठक शुरू होने से पहले समिति के सदस्यों के बीच अनौपचारिक रूप से हुई। जब सत्तापक्ष के कुछ सांसदों ने सवाल उठाया कि जब NEET विवाद की जाँच जारी है तो इस बीच ऐसे बैठकों की क्या जरूरत है और क्या इस मुद्दे पर राजनीति की जा रही है। इस पर दिग्विजय सिंह ने यह जवाब दिया। उन्होंने शिक्षा मंत्रालय और अधिकारियों को 21 जून को होने वाली NEET पुनर्परीक्षा के सफल आयोजन के लिए भी शुभकामनाएँ दीं।

यह पहली बार नहीं है जब दिग्विजय सिंह ने सार्वजनिक तौर पर पीएम मोदी की तारीफ की है। पिछले साल 2025 में भी BJP-RSS की क्षमता की सराहना करते हुए उन्होंने कहा था कि एक साधारण कार्यकर्ता का प्रधानमंत्री पद तक पहुँचना संगठन की ताकत दर्शाता है।