दिल्ली में महज ₹200 नहीं देने पर बुजुर्ग की चाकुओं से गोदकर हत्या, मोहसिन को पुलिस ने गिरफ्तार किया: इलाके में भारी पुलिस बल तैनात

दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में 200 रुपए को लेकर हुए विवाद में एक बुजुर्ग की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान अली अहमद फखरूद्दीन के रूप में हुई है।

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपित मोहसिन को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, अली अहमद फखरूद्दीन रात में खाना खाने के बाद घर के पास टहलने निकले थे। इसी दौरान इलाके का रहने वाला मोहसिन वहाँ पहुँचा और शराब पीने के लिए उनसे 200 रुपए माँगने लगा।

जब फखरूद्दीन ने पैसे देने से मना किया तो आरोपित ने गुस्से में उन पर चाकू से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपित ने लगातार कई वार किए, जिससे फखरूद्दीन गंभीर रूप से घायल हो गए।

चश्मदीद और मृतक के भाई शरफुद्दीन के अनुसार, मोहसिन नशे की हालत में था और पागलों की तरह चाकू चला रहा था। उन्होंने भाई को बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपित के हाथ में बड़ा चाकू होने की वजह से लोग डर गए।

घायल फखरूद्दीन को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गुरु तेग बहादुर अस्पताल भेज दिया है और मामले की जाँच जारी है।