बंगाल के बाद अब गुजरात में भी बांग्लादेशी घुसपैठियों पर नकेल कसनी शुरू: अहमदाबाद में सर्च ऑपरेशन में 131 को पकड़ा, राजकोट में 31 धरे

बंगाल के बाद अब गुजरात में भी बांग्लादेशी घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें पकड़ा जा रहा है। गुजरात पुलिस ने राज्य में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी घुसपैठियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए मंगलवार (2 मई 2026) की देर रात एक बड़ा अभियान चलाया। इस दौरान अहमदाबाद समेत कई शहरों में तलाशी अभियान चलाकर 290 संदिग्ध बांग्लादेशी घुसपैठियों को हिरासत में लिया गया।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने चंदोला, गुलामनगर, दानिलिमदा और खोडियारनगर जैसे इलाकों में विशेष तलाशी अभियान चलाया। अभियान के दौरान कुल 290 संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया गया।

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जाँच में 131 लोगों के बांग्लादेशी नागरिक होने की पुष्टि हो चुकी है। वहीं, बाकी करीब 160 लोगों से क्राइम ब्रांच परिसर में पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी लोगों के पहचान पत्र, निवास संबंधी दस्तावेज और अन्य रिकॉर्ड की जाँच की जा रही है ताकि उनकी वास्तविक नागरिकता का पता लगाया जा सके।

राजकोट और भरूच में भी कार्रवाई, सरकार ने जारी रखने के दिए संकेत

अहमदाबाद के अलावा राजकोट और भरूच में भी पुलिस ने इसी तरह का अभियान चलाया। राजकोट में रातभर चली कार्रवाई के दौरान 31 संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया। फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं भरूच में भी कई संदिग्धों को पकड़े जाने की जानकारी सामने आई है।

जारी रहेगा बांग्लादेशी घुसपैठियों को पकड़ने का अभियान: डिप्टी सीएम

गुजरात के गृह राज्य मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि राज्य सरकार ने अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। उनके अनुसार अहमदाबाद, सूरत, राजकोट, वडोदरा समेत पूरे राज्य में पुलिस, क्राइम ब्रांच, SOG और अन्य एजेंसियाँ संयुक्त रूप से अभियान चला रही हैं।

हर्ष संघवी ने बताया कि रातभर चले इस विशेष अभियान में बड़ी संख्या में संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने कहा कि अवैध घुसपैठ और गैरकानूनी रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।