खान सर ने फायरिंग मामले में किया सरेंडर, KGS के गार्ड्स ने फैसल खान के कहने पर चलाई थीं गोलियाँ: हत्या की कोशिश को लेकर दर्ज है FIR

बिहार के चर्चित शिक्षक और यूट्यूबर फैसल खान उर्फ खान सर ने शनिवार (6 जून 2026) को पटना सिविल कोर्ट पहुँचकर सरेंडर कर दिया। वे अपने वकील के साथ कोर्ट पहुँचे। यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है जब उनके खिलाफ दर्ज FIR के बाद बिहार पुलिस ने गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए थे। खान सर के खिलाफ हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह पूरा मामला पटना के मुसल्लहपुर हाट स्थित खान ग्लोबल स्टडीज (KGS) सेंटर के बाहर हुई हिंसा और फायरिंग से जुड़ा है। इससे पहले 5 जून को पटना पुलिस ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। एफआईआर में खान सर को नामजद करते हुए उन पर हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट की धाराएँ लगाई गईं। खान सर शुक्रवार से अपने संस्थान से गायब बताए जा रहे थे, जिसके बाद पुलिस ने उनकी तलाश तेज कर दी थी। इसी बीच उनके कोर्ट पहुँचने की खबर सामने आई।

पटना पुलिस ने 5 जून को दर्ज FIR में खान सर को नामजद किया। पुलिस के मुताबिक, 2 जून की रात पटना के मुसल्लहपुर हाट स्थित खान ग्लोबल स्टडीज सेंटर के बाहर हिंसक झड़प हुई थी। आरोप है कि करीब 20 लोगों ने कोचिंग सेंटर पर हमला कर पत्थरबाजी और तोड़फोड़ की। इस दौरान एक सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट भी हुई, जिसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

खान सर ने आरोप लगाया था कि यह हमला प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान ‘ज्ञान बिंदु एकेडमी’ से जुड़े लोगों ने कराया। घटना के बाद पुलिस ने ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर रौशन आनंद समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया था।

हालाँकि, अगले दिन मामला तब नया मोड़ ले गया जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें खान सर के दो निजी सुरक्षाकर्मी प्रदीप और तलेश्वर हवा में फायरिंग करते नजर आए। पुलिस ने वीडियो की सत्यता जाँचने के बाद दोनों गार्ड को 4 जून को गिरफ्तार कर लिया। गार्ड्स ने पुलिस से पूछताछ में कबूल किया कि उन्होंने खान सर के कहने पर ही फायरिंग की थी।

हालाँकि, फायरिंग में कोई घायल नहीं हुआ था लेकिन इसी घटना के आधार पर खान सर के खिलाफ भी हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। पटना पुलिस ने छात्रों से अपील की है कि वे कोचिंग संस्थानों की प्रतिस्पर्धा में किसी के बहकावे में न आएँ।