Saturday, January 4, 2025

मस्जिद में छिपा था तेंदुआ, लोगों के भीतर घुसते हमला किया: नमाजियों ने पीट-पीटकर मार डाला

उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में एक मस्जिद में घुसे तेंदुए को भीड़ ने मार डाला है। तेंदुए के जवाबी हमले में 4 लोग घायल हुए हैं जिनका इलाज चल रहा है। वन विभाग इस घटना की जाँच में जुट गया है। घटना शनिवार (4 जनवरी 2025) की है।

यह मामला महराजगंज के लक्ष्मीपुर थानाक्षेत्र में पड़ने वाले गाँव मझौली का है। यहाँ एक मस्जिद है जिसमें सुबह कुछ नमाज़ी नमाज़ पढ़ने पहुँचे थे। उनका दावा है कि मस्जिद के अंदर पहले से छिपे बैठे एक तेंदुए ने उन पर हमला बोल दिया। इस हमले में 4 लोगों के घायल होने की बात कही जा रही है।

घायलों के नाम साजिद अली, नुरूलहोदा, आसमीन खातून व हैदर अली बताए जा रहे हैं। कुछ ही देर में शोरगुल सुन कर भीड़ जुट गई। इस भीड़ ने तेंदुए को पकड़ लिया और रस्सी से बाँध कर बुरी तरह पीटा। इस पिटाई से तेंदुए की मौत हो गई।

मामले की सूचना पुलिस व वन विभाग को दी गई। इन टीमों ने गाँव में पहुँच कर जाँच शुरू कर दी है। मौत के असल कारणों की पड़ताल के लिए मृत तेंदुए के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।