महाराष्ट्र में परीक्षा से एक दिन पहले TET का पेपर लीक, 28 जून की परीक्षा की गई रद्द: पुलिस ने दर्ज किया मामला

महाराष्ट्र में शिक्षक पात्रता परीक्षा (Maha TET) का पेपर लीक होने की जानकारी सामने आ रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह परीक्षा 28 जून 2026 को होने वाली थी लेकिन ठाणे के भिवंडी इलाके से प्रश्नपत्र बाहर आने की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन ने इसे स्थगित करने का फैसला लिया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस परीक्षा में राज्य भर से करीब 4.28 लाख उम्मीदवार शामिल होने वाले थे। परीक्षा राज्य के 1,428 केंद्रों पर आयोजित होनी थी। अचानक परीक्षा रद्द होने से उन अभ्यर्थियों को बड़ा झटका लगा है जो लंबे समय से इसकी तैयारी कर रहे थे और परीक्षा केंद्र जाने की तैयारी पूरी कर चुके थे।

मामले में भिवंडी पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह जाँच कर रही है कि पेपर किसने और कैसे लीक किया। जानकारी के अनुसार, परीक्षा परिषद के अधिकारियों की मौजूदगी में संदिग्धों के पास मिले प्रश्नपत्रों की जाँच की गई, जो TET के पेपर से मेल खाते पाए गए।

शिक्षा विभाग ने कहा है कि परीक्षा की नई तारीख जल्द घोषित की जाएगी। इससे पहले 2025 में भी कोल्हापुर से TET पेपर लीक होने की घटना सामने आई थी।