नितिन नवीन ने संभाली BJP की कमान, PM मोदी ने माला पहनाकर किया अभिनंदन: जानें कौन हैं देश की सबसे बड़ी पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष

देश की सबसे बड़ी भारतीय जनता पार्टी (BJP) को अपना नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल गया है। बिहार सरकार में मंत्री नितिन नवीन को BJP का नया अध्यक्ष चुना गया। मंगलवार (20 जनवरी 2026) को BJP अध्यक्ष की कुर्सी पर नितिन नवीन की ताजपोशी हुई। 45 वर्षीय नितिन नवीन BJP के अब तक के सबसे युवा अध्यक्ष हैं।

दिल्ली स्थित BJP मुख्यालय में नितिन नवीन को राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार सौंपा गया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नितिन नवीन को माला पहनाकर राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की बधाई दी। साथ ही पूर्व BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी नितिन नवीन को माला पहनाकर अभिनंदन किया।

नितिन नवीन ने पूर्व BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा की जगह ली है, जो साल 2020 से इस पद पर रहे। सोमवार (19 जनवरी 2026) को नितिन नवीन ने BJP मुख्यालय में नामांकन दाखिल किया। BJP अध्यक्ष की दौड़ में नामांकन भरने वाले वे इकलौते कैंडिडेट थे। इसीलिए उन्हें निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया है। बता दें कि इससे पहले दिसंबर 2025 में नितिन नवीन को BJP का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।

अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालने से पहले नितिन नवीन ने दिल्ली के गुरुद्वारओं और मंदिरों में पूजा-पाठ की। दिल्ली के गुरुद्वारा बंगला साहिब में मत्था टेकने पहुँचे। इसी के साथ कनॉट प्लेस (CP) में स्थित हनुमान मंदिर, झंडेवालान मंदिर, वाल्मीकि मंदिर में भी नितिन नवीन ने पूजा-अर्चना की।

कौन हैं नितिन नवीन?

नितिन नवीन बिहार की राजनीति का जाना-पहचाना नाम हैं। वे वर्तमान में पटना के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं और बिहार सरकार में पथ निर्माण मंत्री के तौर पर काम कर रहे हैं। उनकी उम्र 45 साल है और वे कायस्थ समुदाय से आते हैं। नितिन नवीन भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के बेटे हैं। उनका जन्म पटना में हुआ और उन्होंने छात्र राजनीति से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की। नितिन ने पिता के आकस्मिक निधन के बाद बिहार की चुनावी राजनीति में कदम रखा और फिर कभी विधानसभा चुनाव नहीं हारा।

साल 2006 में उन्होंने महज 26 साल की उम्र में पटना वेस्ट विधानसभा सीट से उप-चुनाव जीतकर विधानसभा में प्रवेश किया। इसके बाद 2008 में परिसीमन हुआ और पटना वेस्ट सीट का नाम बदलकर बांकीपुर कर दिया गया। तब से लेकर अब तक वे लगातार इसी सीट से चुनाव जीतते आ रहे हैं।

नितिन नवीन अब तक पाँच बार विधायक बन चुके हैं। उन्होंने 2006 के उपचुनाव के बाद 2010, 2015, 2020 और 2025 के विधानसभा चुनावों में लगातार जीत हासिल की है। 2025 का चुनाव उनके राजनीतिक करियर की सबसे बड़ी जीत माना जा रहा है, जिसमें उन्होंने RJD उम्मीदवार रेखा कुमारी को 51,936 वोटों के बड़े अंतर से हराया और कुल 98,299 वोट हासिल किए।